गाजियाबाद, एबीपी गंगा। कोरोना वायरस ने दुनिया के कई हिस्सों में आतंक मचाया हुआ है। हजारों लोगों की जान लेने वाले कोरोना वायरस ने भारत में भी दस्तक दे दी है। इस जानलेवा वायरस को लेकर देश में अलर्ट जारी किया गया है। यूपी में भी कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीज पाए गए हैं जिसके बाद योगी सरकार भी अलर्ट पर है। हालांकि इससे इतर बीजेपी के विधायक ने दावा किया है कि कोरोना वायरस उनकी विधानसभा में घुस नहीं सकता। इसके पीछे उन्होंने हैरान कर देने वाली वजह भी बताई है। दिल्ली से सटे यूपी के लोनी विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने दावा किया है कि कोरोना या किसी भी तरह का वायरस यहां नहीं घुस सकता है।
नंदकिशोर गुर्जर के मुताबिक, लोनी के अंदर गाय की संख्या सबसे ज्यादा है लिहाजा कोरोना तो क्या यहां किसी भी वायरस का असर नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि जहां गाय होती हैं वहां किसी भी तरह का वायरस नहीं आ सकता। इसके अलावा नंदकिशोर ने गाय के अन्य फायदी भी बताए। उन्होंने दावा किया "गाय एक चलता-फिरता डॉक्टर है, जिस घर में गाय होती है वहां किसी को कैंसर नहीं हो सकता।"
दुनियाभर में अब तक हजारों लोगों की मौत कोरोना वायरस अब तक तीन हजार से भी ज्यादा लोगों की जान ले चुका है, जबकि हजारों की संख्या में इससे संक्रमित लोगों की भी पुष्टि हो चुकी है। अब भारत में भी कोरोना की दस्तक ने लोगों में डर पैदा कर दिया है। इस बीच स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को समीक्षा बैठक की। जिसके बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कोरोना वायरस पर ब्रीफ किया और कोरोना वायरस से निपटने के लिए मौजूदा तैयारी व हालात के बारे में बताया। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि आइसोलेशन वार्ड और स्क्रीनिंग पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है।
