बीजेपी नेता संगीत सोम ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि वह खुद पर्दे के पीछे रहकर अपने चेले-चपाटों से सनातन धर्म और मंदिरों को लेकर अनर्गल बयानबाजी करवा रहे हैं. उन्होंने कहा कि सपा नेता एसटी हसन और राजकुमार भाटी के सनातन को लेकर दिए गए विवादित बयान के पीछे अखिलेश यादव की सोच है. संगीत सोम ने कहा कि अखिलेश यादव सनातन धर्म, भगवान राम और श्रीकृष्ण से नफरत करते हैं.

Continues below advertisement

राम मंदिर को लेकर एसटी हसन के बयान पर पलटवार करते हुए संगीत सोम ने कहा कि सपा नेता कहना चाहते हैं कि दीवाली के बाद अयोध्या में राम मंदिर गिराया जाएगा.? लेकिन उन्हें ये समझना चाहिए कि अब यूपी में रामभक्तों की सरकार है. यहां अब बाबर की सोच वालों का शासन नहीं है, जिन्होंने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं थी, उन्हें लाठियों से पिटवाया था. 

अयोध्या की तरह मथुरा में भी बनेगा भव्य मंदिर

बीजेपी नेता ने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो चुका है. अब मथुरा में भी इसी तरह भव्य मंदिर बनेगा और दीपोत्सव मनाया जाएगा. संगीत सोम ने कहा कि अखिलेश यादव को आज यूपी का सांस्कृतिक विकास हजम नहीं हो रहा है.

Continues below advertisement