बिग बॉस के घर में काफी कुछ ड्रामा और साथ ही लड़ाई देखने को मिल रही है। हाल ही में सिद्धार्थ शुक्‍ला और आसिम रियाज़ को लड़ते देख घरवाले भी हैरान रह गए। दोनों के बीच धक्‍का मुक्‍की हुई। बीच बचाव करने के लिए पहले घरवालों को आना पड़ा और फिर बाद में बिग बॉस की भी एंट्री हुई।

हाल ही में एक प्रोमो वीडियो सामने आया है जिसमें सिद्धार्थ शुक्‍ला तुरंत शो छोड़ने को कह रहे हैं। वीडियो में दिखाया गया है कि हिना खान शो में एंट्री करती हैं। हिना खान की एंट्री के पीछे की वजह भी बेहद खास रही।

एलीट क्‍लब के लिए तीन दावेदार चुने गए थे आरती सिंह, रश्मि देसाई और माहिरा शर्मा। इन तीनों को घरवालों की उम्‍मीदों पर खरा उतरना है जिसके बाद वह एलीट क्‍लब की सदस्‍य बन जाएंगी। इंस्‍टाग्राम प्रोमो में दिख रहा है कि सभी घरवाले गार्डन एरिया में बैठे हैं। तभी किसी बात को लेकर सिद्धार्थ और आसिम के बीच झगड़ा हो जाता है।

आसिम, सिद्धार्थ को कहते नजर आ रहे हैं - शांत हो जा अपने आप को कंट्रोल करना होगा तुम्‍हारी सेहत के लिए ये अच्‍छा नहीं है।' आसिम की बात सुनकर सिद्धार्थ भड़क जाते हैं और दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो जाता है।

इसके बाद दोनों को बिग बॉस कन्‍फेशन रूम में बुलाते हैं।  सिद्धार्थ बिग बॉस से कहते हैं कि, ये मुझे छेड़ता रहता है और इसका कोई अंत नहीं है। मैं यह शो छोड़ रहा हूं, अभी तुरंत।

आसिम इस टास्‍क के संचालक थे। टास्‍क के दौरान विशाल घोड़े से उतरकर दूसरी तरफ बैठ जाते हैं। टास्‍क के दौरान ऐसा करने की इजाजत नहीं थी। सभी घरवाले उन्‍हें ऐसा करते हुए देख लेते हैं लेकिन आसिम नहीं मानते और कहते हैं कि उन्‍होंने नहीं देखा। इस बात से सिद्धार्थ नाराज हो जाते हैं और आसिम से उनका झगड़ा शुरू हो जाता है।