बरेली शहर की बारादरी पुलिस ने चोरी के एक ऐसे मामले का खुलासा किया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया. यहां चोरी की वारदात के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए चांदी का ब्रेसलेट निगल लिया, लेकिन पुलिस की सतर्कता के आगे उसकी चाल ज्यादा देर नहीं चल सकी. पुलिस ने चोरी का ब्रेसलेट बरामद कर लिया है, आगे की कार्रवाई जारी है.
जानकारी के अनुसार, 3 मार्च 2026 को सम्राट अशोक नगर में एक घर में दीवार फांदकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था. चोर बुलेट बाइक, चांदी का ब्रेसलेट और दो मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए थे. पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की.
X-Ray में आरोपी के पेट में दिखा ब्रेसलेट
जांच के दौरान पुलिस ने यक्ष ऐप की मदद से संदिग्ध का हुलिया मिलान किया और हजियापुर निवासी सिकंदर उर्फ छोटा को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में पुलिस को शक हुआ कि चोरी का ब्रेसलेट उसने निगल लिया है. इसके बाद आरोपी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां एक्स-रे में उसके पेट में ब्रेसलेट होने की पुष्टि हुई.
पुलिस को गुमराह करता रहा आरोपी
हालांकि, आरोपी पुलिस को चकमा देने की कोशिश करता रहा और शौच के लिए जाने से बचता रहा. डॉक्टरों की देखरेख में उसे दवा दी गई, जिसके बाद दो दिन के इंतजार के बाद आरोपी ने शौच किया. पुलिस ने निगरानी में ब्रेसलेट बरामद कर लिया.
मामले में पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा?
वहीं इस संबंध में सीओ पंकज श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया है कि, बारादरी क्षेत्र के सम्राट अशोक नगर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने सिकंदर सहित उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही चोर द्वारा निगला गया ब्रेसलेट भी सफलतापूर्वक बरामद कर लिया गया है. पुलिस अब दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
