उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में देर रात बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसा फतेहपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर-महमूदाबाद मार्ग स्थित झांसा गांव में रात करीब दो बजे हुआ, जहां बिजली न आने के कारण परिवार घर के बाहर सड़क किनारे सो रहा था, तभी एक तेज रफ़्तार डंपर ने परिवार को रौंद दिया.
बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार डंपर पहले सड़क किनारे एक पेड़ से टकराया और फिर अनियंत्रित होकर बाहर सो रहे परिवार पर चढ़ गया. हादसे में 35 वर्षीय नीरज और उनके 13 वर्षीय बेटे अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई. गंभीर रूप से घायल 10 वर्षीय अंशिका, 6 वर्षीय आशू और पत्नी आरती को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां अंशिका और आशू ने भी दम तोड़ दिया.
घर के बाहर सो रहा था परिवार
महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे लखनऊ के लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया है. परिजनों के अनुसार नीरज किराये की मैजिक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे. भीषण गर्मी और बिजली न होने के कारण परिवार घर के बाहर सो रहा था, तभी यह हादसा हो गया.
हरिद्वार में गंगा में बिरयानी फेंकने के मामले में एक्शन, हिन्दूवादी संगठनों की शिकायत पर केस दर्ज
घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने नीरज और अनुराग को मृत घोषित कर दिया. बाद में अन्य घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां दो मासूम बच्चों की भी मौत हो गई. एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसर गया है.
सीएम योगी ने जताया हादसे पर दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे का संज्ञान लेते हुए गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतृप्त परिजन के प्रति संवेदना व्यक्त की. सीएम योगी ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने और राहत व बचावकार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों की सतत मॉनिटरिंग भी की.
मथुरा: 'कॉकरोच' बनकर नगर निगम दफ्तर पहुंचा युवक, यमुना नदी में प्रदूषण पर जताई नाराजगी
