बागपत में बेटी संग आपत्तिजनक स्थिति में था प्रेमी, परिजनों ने दी खौफनाक मौत, गला घोंटकर की हत्या
UP News: बागपत के जौनमाना गांव में युवती के पिता ने उसे प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद दोनों की गला घोंटकर मार डाला. हत्या में युवती के 2 भाई भी शामिल थे. मामलें में जांच चल रही है.

Baghpat Crime News: बागपत में हॉरर किलिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. जहां बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के जौनमाना गांव में सुबह प्रेमिका और उसके प्रेमी को गला घोंटकर मार दिया गया. पूरी वारदात को अंजाम युवती के परिजनों ने दिया है. पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है.
पुलिस का कहना है कि युवती के परिजनों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया था, उसके बाद दोनों की हत्या कर दी. पुलिस ने युवती के पिता और दो भाईयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या में शामिल एक भाई सेना में जवान है.
दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख की हत्या
जौनमाना गांव में 19 वर्षीय बलराम और 18 वर्षीय दृष्टि के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था. आज सुबह दृष्टि के परिजन खेत में चले गए. घर में अकेली होने का पता चलने के बाद बलराम दृष्टि से मिलने उसके घर पर चला गया. इसी बीच किसी ने बलराम को घर में घुसते देख लिया, जिसके बाद इसकी जानकारी खेत में दृष्टि के परिजनों को दे दी. दृष्टि के पिता और भाई खेत से घर पहुंचे और दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया. यह देख दृष्टि के पिता पुष्पेंद्र, भाई बौखला गए और रस्सी से दोनों को गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी.
घटना के बाद दृष्टि के पिता को छोड़कर दूसरे आरोपी लोग मौके से फरार हो गए. पुष्पेंद्र ने पुलिस को मौके से ही इस घटना की जानकारी देकर बुलाया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पुष्पेंद्र के घर से दृष्टि और बलराम के शव को कब्जे में ले लिया. बलराम के पिता राजेश्वर की तहरीर पर पुलिस ने दृष्टि के पिता पुष्पेंद्र, भाई शक्ति और सुमित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया. सुमित बरेली में जाट रेजीमेंट में सेना का जवान है और अवकाश पर घर आया हुआ था. आरोपी पुष्पेंद्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. दृष्टि बड़ौत शहर में कंप्यूटर का प्रशिक्षण ले रही थी, जबकि बलराम बड़ौत के जनता वैदिक डिग्री कालेज में बीएससी प्रथम वर्ष में पढ़ रहा था.
मामले में एसपी ने क्या बोला?
मामले में बागपत एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि, लगभग 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि जौनमाना गांव में पुष्पेंद्र ने अपनी बेटी और उसके मित्र को आपत्तिजनक स्थिति में देखा, जिसके बाद उन्होंने दोनों की हत्या कर दी. पुष्पेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. दोनों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. घटना की जांच की जा रही है.
प्रेम-प्रसंग के मामले में मृतक बलराम के बहनोई ने कहा कि, फोन पर बलराम को बुलाकर झगड़ा होने की जानकारी मिली. वह मौके पर पहुंचा तो पुलिस से जानकारी चाही, लेकिन पुलिस ने सही जानकारी नहीं दी. फिर बलराम के मरने की जानकारी दी गई और फिर पोस्टमार्टम हाउस पर बुलाया गया. पुलिस ने इस संबंध में जानकारी नहीं दी. यह साजिश के तहत हत्या है. आरोपी बलराम की हत्या के बाद फरार है. सुबह बेटे बलराम को घर से बुलाकर ले गया और उसके बाद उसकी हत्या कर दी. जो बुलाकर ले गए थे उन्होंने ही बलराम की हत्या कर दी.
यह भी पढ़ें- बस्ती में कंटेनर से टकराई कार, दर्दनाक हादसे में 5 लोगों की मौत, 3 घायल
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL























