Ahmedabad Plane Crash: टूर पर जा रहे थे लंदन, आगरा के दंपती की भी अहमदाबाद प्लेन क्रैश में मौत
Air India Plane Crash: गुरुवार (12 जून) को अहमदाबाद से लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान क्रैश हो गया, जिसमें 242 लोग सवार थे. इसी हादसे में आगरा के दंपती की भी मौत हो गई है.

Ahmedabad Air India Plane Crash: गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान एक बड़े हादसे का शिकार हो गया, जिसने अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरी थी. इस विमान में क्रू मेंबर सहित 242 लोग सवार थे. उड़ान भरने के चंद मिनट बाद ही ये विमान क्रैश हो गया और तेज धमाके के साथ असमान में धुएं का गुब्बार दिखने लगा. इस विमान में कई विदेशी यात्री भी यात्रा कर रहे थे, जो इस हादसे का शिकार हो गए हैं.
अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश हादसे में आगरा के दंपती के सवार होने और उनके मौत की सूचना है. आगरा के अकोला कस्बा के रहने वाले नीरज लवानिया व उनकी पत्नी अपर्णा लवानिया लंदन टूर पर जा रहे थे. इस हादसे के बाद उनकी जानकारी जुटाई जा रही है. नीरज अहमदाबाद के वडोदरा में एक प्राइवेट नौकरी करते थे.
प्लेन क्रैश की दुखद घटना की खबर जब नीरज लवानिया के परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया. वहीं ग्रामीणों को घटना के बारे में पता चला तो घर पर उनका तांता लगना शुरू हो गया. इस दौरान फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर भी सूचना मिलते ही नीरज लवानिया के घर पर पहुंच गए.
नीरज लवानिया के भाई ने क्या बताया?
इस पूरे मामले को लेकर नीरज लवानिया के बड़े भाई सतीश लवानिया का कहना है कि वह मोबाइल फोन देख रहे थे. इसी दौरान उन्हें ब्रेकिंग न्यूज़ दिखाई दी, जिसमें पता चला कि अहमदाबाद से लंदन जाने वाली फ्लाइट दुर्घटनाग्रस्त हो गई है, जिसके तत्काल बाद उन्होंने अपने छोटे भाई नीरज लवानिया की बेटी को फोन लगाया, तो उन्हें पता चला कि इस फ्लाइट में उनके छोटे भाई नीरज लवानिया यात्रा करके लंदन जा रहे थे.
सतीश लवानिया ने बताया है कि नीरज लवानिया अहमदाबाद के वडोदरा में एक कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे. उन्होंने बताया है कि नीरज लवानिया की बेटी अहमदाबाद पहुंच चुकी है. उनकी फोन पर बात भी हुई है. बेटी का कहना है कि यहां कुछ भी पता नहीं चल पा रहा है, हालांकि, हादसे की सूचना सुनने के बाद नीरज लवानिया के घर पर ग्रामीणों व क्षेत्र के लोगों का तांता लगा हुआ है. सतीश लवानिया ने बताया है कि नीरज लवानिया की एक बेटी है, जो कि ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही है .
हादसे पर फतेहपुर सीकरी सासंद ने क्या कहा?
इस पूरे मामले को लेकर फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर का कहना है कि अहमदाबाद की घटना हृदय विदारक है. इस घटना से पूरा देश स्तब्ध है. अहमदाबाद से प्लेन लंदन जा रहा था, जिसमें 242 लोग सवार होकर लंदन जा रहे थे, जिसके क्रैश होने की सूचना आई है. चाहर ने कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र फतेहपुर सीकरी के गांव अकोला के रहने वाले नीरज लवानिया उनकी पत्नी अपर्णा लवानिया भी इसी प्लेन में यात्रा करके लंदन जा रहे थे.
उन्होंने कहा कि नीरज लवानिया AC नेल्सन नाम की कंपनी में एक जिम्मेदार पद पर तैनात थे. वहीं विमान में सवार लोगों की सूची सामने आई है, जिसमें उनका व उनकी पत्नी का नाम लिखा हुआ है.
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL

























