ताज महल की सुरक्षा में सेंध! पश्चिमी गेट से करीब 500 मीटर दूरी पर फायरिंग, आरोपी गिरफ्तार
UP News: आगरा में ताज महल की सुरक्षा में सेंध से जुड़ा मामला प्रकाश में आया है. पार्किंग को लेकर हुए विवाद में कार सवार युवक ने पश्चिमी गेट से 500 मीटर की दूरी पर फायरिंग की है.

Taj Mahal News: ताजनगरी आगरा में सोमवार की सुबह ताजमहल के पास कार सवार युवकों ने जमकर उत्पात मचाया. कार सवार युवक ताजमहल देखने के लिए आगरा आए हुए थे, इसी दौरान पहले पार्किंग में उनकी बहस हुई, उसके बाद वह कार लेकर ताजमहल की ओर जाने लगे जहां बैरियर पर पुलिस चेक पोस्ट है. पुलिस कर्मियों ने जब कार सवारों को रोकने की कोशिश की तो वह बहस करने लगे. हालांकि, पुलिस की टीम से कार सवारों ने कहा कि वह स्टाफ से हैं.
इसके बाद पुलिस टीम ने सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस का हवाला देते हुए कहा कि ताजमहल के पास कोई कार पार्क नहीं जा सकती, इस पर वह कार को वापस लेकर आए और पश्चिमी गेट से करीब 500 मीटर दूर जाते ही हवाई फायरिंग करने लगे. ताजमहल के पास हुई फायरिंग के बाद पर्यटकों में हड़कंप मच गया. घटना को अंजाम देने के बाद वह कार लेकर फरार हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि करीब 4 से 5 राउंड फायरिंग की गई.
ताज महल के पास फायरिंग से हड़कंप
ताजमहल के पास हुई फायरिंग की घटना से पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया, आलाधिकारियों ने घटना का तत्काल संज्ञान लिया है. एडिशनल डीसीपी आदित्य कुमार के नेतृत्व में टीमों का गठन कर दिया. पुलिस टीमों के द्वारा सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए, लोगों से पूछताछ की गई, जिसमें कार का नंबर पुलिस को प्राप्त हुआ.
इसके बाद पुलिस ने कार की लोकेशन ट्रेस की जहां कार की लोकेशन आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर मिली. पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए कन्नौज, उन्नाव और लखनऊ पुलिस को इसकी सूचना दी. तीनों जनपदों की पुलिस के सहयोग से व आपसी समन्वय से लखनऊ के थाना मानक नगर पुलिस टीम के द्वारा कार सहित चालक को हिरासत में लिया गया.
आरोपी ने किराए पर बुक की थी कार
पुलिस की पूछताछ में कार चालक ने बताया है कि पंकज नाम के व्यक्ति ने वृंदावन से कार को बुक किया था, कार चालक गोवर्धन का रहने वाला है. पंकज के ही द्वारा ताजमहल के पश्चिमी गेट के पास सड़क पर हवाई फायरिंग की गई थी. कार चालक ने यह भी बताया है कि पंकज को एत्माद्दौला क्षेत्र में छोड़ दिया था और पंकज दूसरी कार बुक करके आगे चला गया. पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए तो पता चला कि पंकज ने जो कार बुक की है, वह आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर है. जिसे थाना मानक नगर पुलिस ने हिरासत में लिया है.
पुलिस ने 7 घंटे में आरोपी को किया गिरफ्तार
आरोपी पंकज आजमगढ़ का निवासी है, पुलिस टीम ने पंकज के परिजनों से संपर्क किया पूरे घटना के बारे में जानकारी दी तो पंकज के परिजनों ने बताया है कि पंकज मानसिक रोगी है. बीते 20 सालों से लखनऊ के एक अस्पताल से उसका इलाज चल रहा है, हालांकि पुलिस ने घटना की गंभीरता देखते हुए तत्परता दिखाते हुए मात्र 7 घंटे में ही खुलासा कर दिया है.
ये भी पढ़ें: इटावा कथावाचक कांड पर सपा सांसद रामजीलाल सुमन की प्रतिक्रिया, बोले- 'कथा पढ़ने का अधिकार...'
Source: IOCL
























