आगरा में चोरों का आतंक: मोबाइल शॉप से 70 फोन गायब, पुलिस के दावों पर उठे सवाल
Agra News:जगदीशपुरा में चोरों एक मोबाइल फोन की दुकान को निशाना बनाते हुए 60 से 70 मोबाइल चोरी कर लिए. जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कम्प मच गया है.ये तीन दिन में तीसरी वारदात है.

यूपी न्यूज़: उत्तर प्रदेश के आगरा में चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती दे दी है. लगातार चोरियों ने पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. थाना जगदीशपुरा में चोरों एक मोबाइल फोन की दुकान को निशाना बनाते हुए 60 से 70 मोबाइल चोरी कर लिए. जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कम्प मच गया है.
बता दें कि पिछले तीन दिनों में आगरा में लूट की दो घटनाओं के बाद अब यह तीसरी बड़ी वारदात सामने आई है. यहां अवधपुरी में स्थित मोबाइल शॉप में चोरों ने देर रात शटर तोड़कर दुकान में घुसकर जमकर लूटपाट की. शनिवार सुबह दुकान मालिक को शटर टूटा देख सूचना मिली, और जब वे दुकान के अंदर पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा था. 60 से 70 मोबाइल फोन गायब थे, जिससे दुकान मालिक के होश उड़ गए.
घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई. जिस पर स्थानीय पुलिस, डीसीपी सिटी सोनम कुमार, और एसीपी लोहामंडी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आसपास के CCTV फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया.
चोरों के बुलंद हौसले
इस घटना ने आगरा में अपराधियों के हौसले किस कदर बढ़े हैं दिखा दिया है. बीते कुछ दिनों में शहर में लूट और चोरी की वारदातों में बढ़ोत्तरी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि, पुलिस अधिकारी लगातार अपराधियों पर नकेल कसने का दावा कर रहे हैं.
पुलिस ने शुरू की जांच
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के अवधपुरी में मोबाइल फोन की दुकान में चोरों ने शटर तोड़कर 60 से 70 मोबाइल फोन चुराए हैं. घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं. हम CCTV फुटेज की जांच कर रहे हैं और जल्द ही शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज को जब्त किया है और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है. तकनीकी और मैनुअल सर्विलांस के जरिए चोरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.
लोगों में बढ़ी दहशत
आगरा जैसे पर्यटन और ऐतिहासिक शहर में लगातार चोरियों ने आम लोगों में दहशत भर दी है. सीसीटीवी के बावजूद चोरियां रुकने का नाम नहीं ले रहीं हैं.
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL






















