उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक दुकानदार ठाकुर लिखा हुआ जूता बेच रहा था. जाति सूचक शब्द के जूते की बिक्री की खबर को लेकर हरकत में आई पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर लिया है. इसके साथ ही आरोपी दुकानदार को हिरासत में ले लिया है. हालांकि, दुकानदार नासिर का कहना है कि वह तो सिर्फ जूते बेचता है, बनाता नहीं है. जबकि, पुलिस ने कहा कि मामला सामने आने के बाद विधि के हिसाब से कार्रवाई की गई है.

दरअसल, बुलंदशहर के गुलावटी थाना क्षेत्र अंतर्गत इस जूते के बेचने का मामला सामने आने के बाद बुलंदशहर पुलिस ने कहा- "थाने में विशाल चौहान नाम के एक व्यक्ति ने यह सूचना दी थी का नासिर नाम के एक व्यक्ति अपने दुकान में जूते बेच रहा है. जूते पर जातिसूचक शब्द ठाकुर लिखा हुआ है. इस सूचना के आधार पर मामला दर्ज किया गया है, जिस पर विवेचना की जा रही है. जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी."

उधर, दुकानदार से इस जाति सूचक शब्द वाले जूते के बेचने का विरोध करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें दुकानदार से जब यह पूछा जा रहा है कि क्यों वह इस जातिसूचक शब्द वाले जूते को बेच रहा है तो नासिर यह कहता सुनाई पड़ रहा है कि वह इसे बनाता नहीं है बल्कि इसे कोई और बनाता है. वह सिर्फ इस जूते को बेचता भर है.

ये भी पढ़ें: मुरादाबाद: पुलिस विभाग के विज्ञापन पर उठे सवाल, छाप दी गुमशुदा महिला की तस्वीर, पढ़ें पूरा मामला