Bulandshahr News:यूपी के बुलंदशहर शहर की पॉशकॉलोनी गंगानगर में गुरुवार सुबह एक 10 फीट लंबा विशाल अजगर निकलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. अजगर को कॉलोनी के सी ब्लॉक में देखा गया, जिससे वहां रहने वाले लोगों में डर का माहौल बन गया. जैसे ही लोगों ने अजगर को रेंगते हुए देखा, तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी गई.जिसका वीडियोसोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है.

अजगर को बचाने के लिए चला रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई. टीम ने सावधानी से रेस्क्यूऑपरेशन शुरू किया और कुछ ही समय में अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया. उसके बाद अजगर को पास के जंगल में छोड़ दिया गया, ताकि वह अपने प्राकृतिक वातावरण में रह सके.

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह इलाका नहर के किनारे और घने पेड़ों के पास है, इसलिए इस तरह के जंगली जानवर यहां आने की संभावना बनी रहती है. इससे पहले भी इस क्षेत्र में छोटे सांप निकल चुके हैं, लेकिन इतना बड़ा अजगर पहली बार देखा गया है.

अजगर को नहीं पहुंचा कोई नुकसान

गंगानगर सी ब्लॉक के लोग काफी घबराए हुए थे और बच्चों को बाहर खेलने से रोक दिया गया. कॉलोनी के एक निवासी ने बताया कि अजगर सुबह के समय एक खाली प्लॉट में देखा गया था. धीरे-धीरे लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन वन विभाग की टीम ने बिना देर किए अजगर को पकड़ लिया.

थाना कोतवाली देहात क्षेत्र की पुलिस को भी सूचना दी गई थी, लेकिन कोई घटना नहीं हुई. वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अजगर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और उसे जंगल में छोड़ दिया गया है. वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की घटना में डरने की बजाय तुरंत सूचना दें, ताकि जानवर को सुरक्षित तरीके से पकड़ा जा सके. साथ ही, ऐसे इलाकों में सतर्क रहने की सलाह भी दी गई है.

ये भी पढ़ें-

मथुरा श्रीकृष्ण जन्मभूमि मामला: हाईकोर्ट ने ईदगाह को ‘विवादित ढांचा’ मानने से किया इनकार, हिंदू पक्ष को झटका