जालौन और बरेली, एबीपी गंगा। यूपी में शुक्रवार का दिन हादसों का दिन रहा। जालौन, बरेली और कानपुर में हुए अलग-अलग हादसों में 11 लोगों की मौत हो गई जबकि दर्जन भर घायल हो गए। पहला हादसा जालौन के मुहम्मदाबाद गांव के पास हुआ जहां तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में दूल्हा और उसका भाई समेत चार लोगों की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
ये हादसा डकोर कोतवाली क्षेत्र के मुहम्मदाबाद गांव के पास हुआ है। कालपी निवासी एक परिवार पूजा-अर्चना के लिए वैन से अपने पैतृक गांव जा रहे थे। रास्ते में मुहम्मदाबाद के पास तेज स्पीड से आ रहे बालू लदे ट्रक ने वैन में जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसा इतना भयंकर था कि इसमें कार के पारखच्चे उड़ गए। हादसे की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़े और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने ही लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
बरेली में टैंपो-पिकअप गाड़ी की टक्कर में चार की मौत दूसरा हादसा बरेली के अलीगंज थाना क्षएत्र के खैलम गांव में हुआ है। यहां टैंपो और पिकअप गाड़ी में जोरदार भिड़ंत हुई है। इस हादसे में एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
खड़े कंटेनर में घुसी रोडवेज बस लखनऊ-कानपुर हाईवे पर भी भीषण सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक दर्जन घायल हो गए। दरअसल, बलिया डिपो की बस लखनऊ से कानपुर जा रही थी तभी लखनऊ-कानपुर हाईवे पर तेज रफ्तार बस ने सड़क किनारे खड़े कंटेनर में पीछे से तेज टक्कर मार दी। मरने वालों में एक महिला भी शामिल थी। वहीं, हादसे में घायल हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
