नोएडा: ग्रेटर नोएडा में अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम और खान मुबारक का दाहिना हाथ माने जाने वाले एक कुख्यात बदमाश को यूपी एसटीएफ ने बीती रात थाना सेक्टर 20 क्षेत्र से गिरफ्तार किया है. यह बदमाश डी कंपनी के नाम पर लोगों को धमकाकर उनसे उगाही करता था और पैसे ना मिलने पर अपने गुर्गों से गोली चलवाता था.

पश्चिमी यूपी एसटीएफ के एसपी कुलदीप नारायण ने बताया कि मुंबई सीरियल ब्लास्ट के अभियुक्त डी-कंपनी का कुख्यात बदमाश अबू सलेम और खान मुबारक का निकट सहयोगी गजेंद्र सिंह पुत्र शिवराज सिंह निवासी सेक्टर 20 को पश्चिमी यूपी एसटीएफ ने बुधवार रात को थाना सेक्टर 20 पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया है.

एसपी नारायण ने बताया कि गजेंद्र डी कंपनी का डर दिखाकर लोगों से रंगदारी वसूलने का काम करता था. इसने साल 2014 में दिल्ली के एक बिजनेसमैन से प्रॉपर्टी के नाम पर एक करोड़ 80 लाख  रुपये हड़प लिए थे. जब पैसे वापसी का दबाव पड़ने लगा तो उस बिजनेसमैन पर खान मुबारक के शूटर से सेक्टर 18 में फायरिंग करा दी. इसके लिए इसने 10 लाख रुपये की सुपारी खान मुबारक को दी थी. 10 लाख रुपये जिस रास्ते से दिए थे, वह मनी ट्रेल भी एसटीएफ को मिली है.

एसपी नारायण ने कहा कि गजेंद्र खान मुबारक और अबू सलेम के पैसे नोएडा एनसीआर में प्रॉपर्टी में भी लगाता है. गजेंद्र थाना सेक्टर  20 के दो मुकदमों में वांछित भी चल रहा था. उन्होंने बताया कि इससे पूछताछ के दौरान डी कंपनी से जुड़े लोगों के बारे में कुछ अहम जानकारी मिली है. एसटीएफ शीघ्र ही  उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी.

यह भी पढ़ें:

दिल्ली: डबल मर्डर की गुत्थी सुलझी, हाथ पर बने ‘महाकाल’ के टैटू की वजह से हुई एक मृतक की पहचान