Rajasthan Jodhpur Police Arrested Thieves: जोधपुर (Jodhpur) जिले में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं. शातिर चोर बेहद शातिराना अंदाज में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं. आपराधिक वारदातों पर नकेल कसने के लिए पुलिस (Police) की तरफ से भी गश्त बढ़ा दी गई है. इस बीच पिछले दिनों 17 फरवरी को प्रताप नगर थाना क्षेत्र के एक मकान में हुई करोड़ों की चोरी के मामले का खुलासा हो गया है. मामले में 3 आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है, जिसमें 2 नाबालिग हैं. पुलिस कमिश्नरेट वेस्ट डीसीपी वंदिता राणा (Vandita Rana) ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि एक नाबालिक चोर द्वारा रुपए खर्च करने की जानकारी से पुलिस को लीड मिली जिसके बाद पुलिस मुख्य आरोपी आमिर खान (Amir Khan) तक पहुंची. आमिर खान कमला नेहरू नगर में ही रहता है. पुलिस ने आरोपियों से 7 तोला सोना और 2 किलो चांदी बरामद की है.
पुलिस रख रही थी नजर करोड़ों की चोरी का खुलासा करने के लिए पुलिस ने टीम बनाई गई थी. टीम ने जांच शुरू की तो पता चला कि आमिर इन दिनों जेल से बाहर है. वहीं, थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध क्षमता से ज्यादा खर्च करता नजर आया. पुलिस ने उस पर नजर रखना शुरू किया तब जाकर मामले का खुलासा हुआ. आमिर ने 2 नाबालिगों के साथ मिलकर एक घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था और शातिर चोरों ने पुलिस को गच्चा देने के लिए तय किया था कि कोई पैसा खर्च नहीं करेगा. लेकिन इस बीच एक नाबालिक ने रुपए खर्च करना शुरू किया जिसके बाद पूरे मामले की परतें खुलती चली गई.
ये थी पूरी घटना दरअसल, कमला नेहरू नगर में रहने वाले मोहम्मद यूनुस के घर घटना के समय कोई नहीं था. घर में करीब 1 किलो सोने के आभूषण और करीब 10 किलो से अधिक चांदी रखी थी. इसके बंटवारे की बात चल रही थी अगले दो-तीन दिन में बंटवारा होना भी था. मोहम्मद यूनुस पिछले दिनों मुंबई गए हुए थे जबकि परिवार के बाकी सदस्य नजदीक के ही अपने रिश्तेदार के यहां गए थे. लेकिन, इस बीच 17 फरवरी को घर के ताले टूटे हुए मिले. मामले की सूचना पुलिस को दी गई जिसके बाद अब मामले का पर्दाफाश कर दिया गया है.
ये भी पढ़ें:
