Ashok Gehlot on Vasundhara Raje: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने बीजेपी (BJP) पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी (BJP) आलाकमान पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे (Vasundhara Raje) के साथ जो 'अन्याय' कर रहा है वह सभी देख रहे हैं. मीडिया से बात करते हुए सीएम गहलोत ने कहा कि ऐसी स्थिति कांग्रेस में कभी नहीं हुई कांग्रेस में पूर्व मुख्यमंत्रियों को सम्मान और पद दिए गए.

हमारी पार्टी में ऐसा कभी नहीं हुआ- अशोक गहलोत

सीएम गहलोत ने कहा, "बीजेपी उनके साथ जो अन्याय कर रही है, वह सबके सामने है. आप एक पूर्व मुख्यमंत्री के साथ अच्छा व्यवहार नहीं करते, बात भी नहीं करते, नियुक्ति नहीं देते हमारी पार्टी में ऐसा कभी नहीं हुआ." सीएम गहलोत ने यह जवाब पूर्व सीएम राजे के बारे में किए गए सवाल पर दिया. वहीं सीएम गहलोत ने कहा कि वह पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं और उन्हें कांग्रेस के भीतर पूरा सम्मान मिला है और उन्हें गुजरात का प्रभारी और एआईसीसी महासचिव भी बनाया गया है.

वसुंधरा राजे कर रही हैं 'शक्ति प्रदर्शन'

राजस्थान की दो बार मुख्यमंत्री रहीं वसुंधरा राजे ने राज्य में कई दौरों के माध्यम से अपनी ताकत का प्रदर्शन किया है. हाल ही में जब पूर्व सीएम राजे बीकानेर का दौरा कर रही थीं तो उनकी रैली के लिए बीजेपी की बागी नेता और पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी ने लोगों को लामबंद किया. बता दें कि भाटी ने साल 2019 में अर्जुन राम मेघवाल को दूसरी बार लोकसभा का टिकट देने के पार्टी आलाकमान के फैसले के खिलाफ पार्टी छोड़ दी थी. भाटी ने घोषणा की थी कि वह पार्टी में वापसी करेंगे, हालांकि उनकी वापसी नहीं हो पाई.

यह भी पढ़ें: Rajasthan: रणथंबोर से सरिस्का टाइगर रिजर्व में एक और बाघ को किया गया शिफ्ट, कुनबा बढ़कर 25 हुआ