Rajasthan Lok Sabha Election 2024: भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को लोकसभा चुनाव के लिए 195 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी की है. इस लिस्ट में 25 सीटों वाले राजस्थान के लिए 15 उम्मीदवार शामिल हैं. पहली लिस्ट के अनुसार, राजस्थान में पांच लोकसभा सदस्यों को इस बार टिकट से वंचित कर दिया गया है. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला जहां कोटा से चुनाव लड़ेंगे, वहीं बीजेपी ने हाल ही में कांग्रेस छोड़कर पार्टी में शामिल हुए दो नेताओं को भी टिकट दिया है.

ज्योति मिर्धा को नागौर से मिला टिकटबीजेपी ने ज्योति मिर्धा को नागौर से टिकट दिया है, जबकि महेंद्रजीत सिंह मालवीय डूंगरपुर-बांसवाड़ा से चुनाव लड़ेंगे. ज्योति मिर्धा बीते साल के अंत में हुए विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी में शामिल हुईं थीं, जबकि मालवीय कुछ दिन पहले ही कांग्रेस विधायक पद से इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल हुए थे. इस बीच, बीजेपी ने कनकमल कटारा सहित पांच मौजूदा सांसदों का टिकट काट दिया है.

चूरू से पैरालंपियन देवेंद्र झाझरिया को मिला टिकटकनकमल कटारा की जगह बांसवाड़ा (एससी) में महेंद्रजीत सिंह मालवीय को लाया गया है. भरतपुर (एससी) से रंजीता कोली की जगह रामस्वरूप कोली को टिकट दिया गया है, चूरू से राहुल कस्वां का टिकट काटकर पैरालंपियन देवेंद्र झाझरिया को दिया गया है. जबकि, जालौर-सिरोही से देवजी पटेल की जगह लुंबाराम चौधरी को उम्मीदवार बनाया गया है. वहीं पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के बेटे दुष्यंत सिंह झालावाड़-बारां सीट से ही टिकट दिया गया है. दुष्यंत सिंह पहले भी इसी सीट से सांसद है.

उदयपुर से मन्नालाल रावत लड़ेंगे चुनावउदयपुर (एसटी) रिजर्व सीट पर मन्नालाल रावत ने अर्जुनलाल मीणा की जगह ली है. साल 2014 में भाजपा ने राजस्थान की सभी 25 सीटों पर जीत हासिल की थी. 2019 में बीजेपी ने गठबंधन के तहत नागौर सीट राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के हनुमान बेनीवाल के लिए छोड़ दी थी, जहां बेनीवाल ने जीत हासिल की, वहीं, BJP ने बाकी 24 सीटें जीती. 

यह भी पढ़ें: BJP Candidate List 2024: वसुंधरा राजे के बेटे पर BJP ने फिर जताया भरोसा, झालावाड़-बारां सीट से इतनी बार मिल चुकी है बंपर जीत