जोधपुर: LPG डिस्ट्रीब्यूटर ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष की अपील, 'घबराकर सिलेंडर का स्टॉक न करें'
Jodhpur LPG Cylinder News: एलपीजी गैस सिलेंडर लेने के नियमों में बदलाव के बाद शहर में कई लोग अतिरिक्त सिलेंडर स्टॉक करने की कोशिश में भी जुटे हैं. गैस एजेंसियों पर धीरे-धीरे भीड़ बढ़ने लगी है.

मिडिल ईस्ट में बिगड़ते हालातों का असर अब भारत में घरेलू गैस उपभोक्ताओं पर भी देखने को मिल रहा है. जोधपुर में एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग को लेकर नया नियम लागू किया गया है. अब उपभोक्ता सिलेंडर डिलीवरी के 25 दिन बाद ही अगली बुकिंग कर सकेंगे. गैस एजेंसियों के मुताबिक फिलहाल सिलेंडर की बुकिंग सिर्फ ऑनलाइन माध्यम से ही की जा रही है. इस बदलाव के बाद शहर में कई लोग अतिरिक्त सिलेंडर स्टॉक करने की कोशिश में भी जुटे हुए हैं, जिसके चलते गैस एजेंसियों पर धीरे-धीरे भीड़ बढ़ने लगी है.
LPG सिलेंडर का स्टॉक न करने की अपील
फेडरेशन ऑफ एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष और फेडरेशन ऑफ एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष दीपक सिंह गहलोत ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे घबराकर गैस का स्टॉक न करें और मितव्ययता बरतें. उन्होंने कहा कि देश में बहुत बड़ी कमी नहीं है, लेकिन फिलहाल शॉर्ट टर्म सप्लाई में कुछ दिक्कतें आ रही हैं.
घरेलू उपभोक्ताओं को LPG सिलेंडर देने में प्राथमिकता
जानकारी के मुताबिक भारत में करीब 40 प्रतिशत एलपीजी का उत्पादन देश में होता है, जबकि करीब 60 प्रतिशत एलपीजी आयात (इंपोर्ट) की जाती है. मिडिल ईस्ट के हालातों के कारण आयात में कुछ बाधाएं आ रही हैं, जिससे सप्लाई प्रभावित हो सकती है. इसी स्थिति को देखते हुए फिलहाल कमर्शियल कामों के लिए एलपीजी गैस देने पर भी सीमित व्यवस्था की जा रही है, ताकि घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा सके.
LPG सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित
मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच देश में LPG सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित हुई है, जिससे उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है. वहीं एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी इजाफा किया गया है. सात मार्च को घरेलू सिलेंडर के दाम 60 रुपये, जबकि कमर्शियल सिलेंडर के दाम 115 रुपये तक बढ़ा दिए गए हैं. वहीं सरकार ने कंपनियों से एलपीजी का उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं ताकि उपभोक्ताओं को दिक्कत न हो.
Source: IOCL


























