राजस्थान के पिंक सिटी जयपुर में जयपुर-अजमेर रोड पर बगरू इलाके में भांकरोटा पुलिया के पास देर रात श्रद्धालुओं से भरी मिनी बस सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई. भीषण हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हुए हैं.घायलों में सात की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
जानकारी के मुताबिक, सभी श्रद्धालु महाराष्ट्र के नासिक जिले के रहने वाले थे और मिनी बस बुक कर धार्मिक यात्रा पर निकले थे. शुक्रवार को उन्होंने सीकर जिले में स्थित खाटू श्याम मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की थी. इसके बाद देर रात वे चित्तौड़गढ़ जिले के सांवलिया सेठ मंदिर में दर्शन के लिए रवाना हुए थे.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में पंचायत चुनाव की वोटिंग जारी, 16 जिलों में मतदान केंद्रों पर लगी कतारें
बताया जा रहा है कि भांकरोटा पुलिया के पास बस चालक ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान बस सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार कई श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए.
ड्राइवर पर नशे में होने का आरोप
घायलों ने बस चालक पर नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया है. यात्रियों के मुताबिक, रात में काफी अंधेरा था और ड्राइवर के नशे में होने की वजह से उन्होंने सुबह सफर शुरू करने की बात कही थी, लेकिन ड्राइवर ने उनकी बात नहीं मानी. घायलों का आरोप है कि हादसे के लिए ड्राइवर की लापरवाही जिम्मेदार है. यह आशंका भी जताई जा रही है कि आसमान में बादल छाए होने और कम रोशनी के कारण चालक को सड़क किनारे खड़ा ट्रेलर नजर नहीं आया.
जयपुर के एसएमएस अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे में मधुराज, सांवरा और राहुल नाम के श्रद्धालुओं की मौत हुई है. तीनों के शव उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं. पुलिस ने घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया है. कई घायलों का इलाज जयपुर के एसएमएस अस्पताल में चल रहा है.
पुलिस मामले की जांच कर रही है. फिलहाल बस चालक की गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.गौरतलब है कि जयपुर में एक दिन पहले भी खाटू श्याम मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार खाई में गिर गई थी. उस हादसे में भी चार श्रद्धालुओं की मौत हुई थी.
यह भी पढ़ें: भ्रष्टाचार पर CM भजनलाल का एक्शन, 27 भ्रष्ट अफसरों पर चलेगा मुकदमा
