आजकल सोशल मीडिया पर रील बनाने का क्रेज युवाओं में इस कदर चढ़ चुका है कि वे कानून और समाज की मर्यादाओं को भूल बैठते हैं. ऐसा ही एक मामला भरतपुर जिले के बयाना कस्बे से सामने आया है, जहां एक युवक ने कन्या महाविद्यालय में छात्राओं के सामने कपड़े उतारकर रील बनाई.

रील सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी युवक को पकड़कर थाने ले गई. वहां उसने हाथ जोड़कर पुलिस से माफी मांगी.

कॉलेज के बाहर की शर्मनाक करतूत

जानकारी के अनुसार यह घटना देवनारायण कन्या महाविद्यालय, बयाना की है. आरोपी युवक की पहचान साहिल खान, निवासी सालाबाद गांव के रूप में हुई है.

बताया जा रहा है कि साहिल महाविद्यालय के बाहर खड़ा हुआ था. उसी दौरान छात्राएं कॉलेज में मौजूद थीं और उसने अचानक अपनी शर्ट उतारकर डिप्स लगाने शुरू कर दिए. यह सब वह कैमरे में रिकॉर्ड कर रहा था ताकि बाद में सोशल मीडिया पर रील अपलोड कर सके.

साहिल द्वारा बनाई गई रील जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुई, कॉलेज और कस्बे में हड़कंप मच गया. मामला सीधा छात्राओं की मर्यादा और सुरक्षा से जुड़ा था. लोग इस हरकत पर नाराज होने लगे और पुलिस तक शिकायत पहुंची.

पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई

रील वायरल होने के बाद बयाना सीओ कृष्णराज जांगिड ने तुरंत टीम गठित की और आरोपी की तलाश शुरू की. पुलिस ने साहिल को पकड़कर शांति भंग की धारा में गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे थाने लेकर आई.

थाने में मांगी माफी

थाने में पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो साहिल हाथ जोड़कर खड़ा हो गया और बार-बार माफी मांगने लगा. उसने कहा कि यह गलती उससे जोश में हो गई और आगे से कभी ऐसा नहीं करेगा.

यह पहली बार नहीं है जब रील बनाने के चक्कर में युवाओं ने शर्मनाक हरकत की हो. आए दिन देशभर से ऐसे मामले सामने आते रहते हैं, जहां युवा या तो खुद खतरे में पड़ जाते हैं या फिर समाज को गलत संदेश देते हैं.

खासतौर पर स्कूल-कॉलेजों के बाहर इस तरह की गतिविधियां छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए चिंता का विषय बन चुकी हैं.

पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि इस तरह की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी. किसी भी सार्वजनिक स्थान पर अभद्रता, लड़कियों की मर्यादा भंग करने या शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई होगी.