Rajasthan Latest News: राजस्थान के अलवर जिले के नौगांवा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक मासूम बच्ची, जो अभी सिर्फ एक महीने की थी, उसकी मौत हो गई. परिजन बच्ची की मौत की जिम्मेदार पुलिस को मान रही है. शनिवार (1 मार्च) की रात, जब पूरा परिवार अपने घर में चैन की नींद सो रहा था, तभी पुलिस साइबर धोखाधड़ी के एक आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी करने पहुंची.

परिवार का आरोप है कि पुलिस ने बिना किसी चेतावनी के घर में घुसकर भारी उत्पात मचाया और इसी अफरातफरी में मासूम बच्ची अलिस्बा, जो अपनी मां के बगल में खाट पर सो रही थी और पुलिसकर्मियों की कथित क्रूरता का शिकार हो गई. परिजनों ने दावा किया कि पुलिस ने नन्हीं जान को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

यही नहीं, जब उसकी मां ने विरोध किया, तो उसे भी पुलिस ने कथित तौर पर घर से बाहर धक्का दे दिया. परिजनों का आक्रोश इस बात पर और बढ़ गया कि छापेमारी के दौरान कोई महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी, जो कानून का खुला उल्लंघन है.

ग्रामीणों ने किया प्रदर्शनघटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया. रविवार (2 मार्च) को सैकड़ों ग्रामीण अलवर पुलिस अधीक्षक के आवास के बाहर एकत्रित हुए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया. ‘न्याय दो, न्याय दो’ के नारों से गूंजते इस प्रदर्शन ने पुलिस महकमे को कटघरे में खड़ा कर दिया. 

मामला दर्ज कर की जा रही जांच- पुलिसअतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेजपाल सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस मामले में दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है. लेकिन सवाल यह है कि क्या सिर्फ जांच पर्याप्त होगी?

ये भी पढ़ें - Jodhpur: बहला-फुसलाकर प्रेमिका ने पुराने प्रेमी को नागौर से बुलवाया, दोस्तों से करवाई पिटाई, जानें पूरा मामला