तरन तारन में शादी समारोह के दौरान आम आदमी पार्टी के सरपंच हरपिंदर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई. सरपंच का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया. शादी के दौरान अज्ञात व्यक्ति ने सरपंच के सिर में गोली मार दी. हमलावर के पीछे भागे भाई को भी गोली लगी जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया. हरपिंदर सिंह तरन तारन के गांव ठठियां महंता के सरपंच थे.

Continues below advertisement

कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है- वडिंग

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा, "पंजाब में आप की सरकार में आप के नेता भी सुरक्षित नहीं हैं. कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है और कोई जवाबदेही नहीं है. तरनतारन के AAP सरपंच हरपिंदर सिंह की एक शादी समारोह में गोली मारकर हत्या कर दी गई."

जनवरी में भी हुई थी सरपंच की हत्या

पिछले महीने आप के ही एक सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. अमृतसर में एक वेडिंग हॉल में जरमल सिंह पर हमला किया गया था. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी. पुलिस ने आरोपी शूटर का एनकाउंटर कर दिया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

Continues below advertisement

यह वारदात 4 जनवरी को हुई थी, जब तरनतारन जिले के वल्टोहा गांव के आम आदमी पार्टी के सरपंच जरमल सिंह एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए अमृतसर के वेरका स्थित मैरी गोल्ड मैरिज पैलेस पहुंचे थे. समारोह के दौरान दो युवक उनके पास आए और बेहद करीब से उनके सिर में गोली मार दी. गोली लगते ही सरपंच मौके पर ही गिर पड़े. अचानक हुई इस वारदात से मैरिज पैलेस में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे. घायल अवस्था में सरपंच को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस हत्या के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी और लोगों में भारी रोष देखने को मिला था. सरपंच की हत्या को लेकर राजनीतिक माहौल भी गर्मा गया था और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे थे.