बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का मुख्य आरोपी जीशान अख्तर कनाडा में गिफ्तार, मंत्री ने दिया बड़ा अपडेट
Baba Siddique Murder Case: महाराष्ट्र के मंत्री योगेश कदम ने बताया कि जीशान अख्तर को कनाडा में गिरफ्तार कर लिया गया है. जीशान बाबा सिद्दीकी की हत्या का मुख्य आरोपी है.

Baba Siddique Murder Case: एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मुख्य आरोपी जीशान अख्तर को कनाडा में गिरफ्तार कर लिया गया है. महाराष्ट्र के मंत्री योगेश कदम ने ये जानकारी दी है. इससे पहले मंगलवार (10 जून) को खबर आई थी कि जीशान अख्तर को कनाडा में डिटेन कर लिया गया है.
मुंबई क्राइम ब्रांच सूत्रों ने दावा किया कि उन्हें अख्तर के हिरासत में होने की जानकारी मिली थी. दरअसल, जीशान अख्तर बाबा सिद्धीकी की हत्या के बाद से फरार चल रहा था. पुलिस जांच कर रही है कि आखिर वो विदेश कैसे गया होगा, उसने विदेश जाने के लिए फर्जी पासपोर्ट का सहारा लिया. पुलिस को शक है अख्तर नेपाल के रास्ते कैनेडा गया हो सकता है.
पिछले साल हुई थी हत्या
बता दें कि एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या 12 अक्टूबर को मुंबई के बांद्रा में उनके बेटे के ऑफिस के बाहर गोली मारकर की गई थी. गुरमेल सिंह, धर्मराज कश्यप और शिवकुमार गौतम ने बाबा सिद्दीकी पर गोली चलाई और घटना स्थल से भागने की कोशिश की. लेकिन, मौके पर मौजूद लोगों की मदद से गुरमेल सिंह और धर्मराज कश्यप को पकड़ लिया गया, जबकि शिवकुमार गौतम भागने में कामयाब हो गया. बाद में उसे उत्तर प्रदेश के बहराइच से गिरफ्तार किया गया, जब वह नेपाल भागने की कोशिश कर रहा था.
पहले की थी घर की रेकी
आरोपियों ने दो महीने पहले तक बाबा सिद्दीकी के घर और कार्यालय की रेकी की थी. जांच में पता चला कि आरोपियों के पास पिस्टल और लाइव बुलेट्स थे और वे हमेशा हत्या करने के लिए तैयार रहते थे. 12 अक्टूबर की रात उन्हें मौका मिल गया और उन्होंने फायरिंग की.
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली है. गैंग का कहना है कि बाबा सिद्दीकी की हत्या अभिनेता सलमान खान से उनके करीबी संबंधों के कारण की गई. बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ मकोका के तहत मामला दर्ज किया गया है.
4,590 पन्नों की चार्जशीट दायर
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड मामले में इसी साल मुंबई क्राइम ब्रांच ने 4,590 पन्नों की चार्जशीट दायर की है. चार्जशीट के अनुसार, 12 अक्टूबर 2024 की रात गुरमेल सिंह, धर्मराज कश्यप और शिवकुमार गौतम ने बाबा सिद्दीकी पर गोली चलाई और घटना स्थल से भागने की कोशिश की. आरोपियों ने पहले बाबा सिद्दीकी के घर और कार्यालय की रेकी की थी.
Source: IOCL





















