बीजेपी के सहयोगी और केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने दावा किया कि आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू की पार्टी उपराष्ट्रपति चुनाव में NDA के पक्ष में मतदान करेगी. अठावले ने कहा कि विपक्ष ने आंध्र प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले बी सुदर्शन रेड्डी को उम्मीदवार बनाया है. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि चंद्रबाबू नायडू की पार्टी  बी सुदर्शन रेड्डी रेड्डी को सपोर्ट करेगी ऐसा उन्हें नहीं लगता. 9 सितंबर को चुनाव होना है.

चंद्रबाबू नायडू के सभी सांसद हमारे साथ रहेंगे- अठावले

बुधवार (20 अगस्त) को दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रामदास अठावले ने कहा, "चंद्रबाबू नायडू की पार्टी हमारे NDA और सरकार में हैं. उनके मंत्री भी हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ चंद्रबाबू नायडू के नजदीकी संबंध हैं. TDP उन्हें (विपक्ष के उम्मीदवार) सपोर्ट करेगी, ऐसी अफवाहें हैं. इस अफवाह में बिल्कुल सत्य नहीं है. चंद्रबाबू नायडू के सभी सांसद हमारे साथ रहेंगे. सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रति चुनने में पूरी मदद करेंगे, ऐसा हमको पूरा विश्वास है."

उपराष्ट्रपति का चुनाव निर्विरोध होना चाहिए था- अठावले

इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री अठावले ने कहा, "मुझे लगता है कि चुनाव तो निर्विरोध होना चाहिए था. लेकिन विरोधी दलों ने अपना कैंडिडेट खड़ा किया. हमारे पास क्लियर मेजॉरिटी है. हमारी कैंडिडेट सीपी राधाकृष्णन जीतने वाले हैं." 

NDA के उम्मीदवार ने भरा नामांकन

NDA के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने बुधवार को नामांकन भरा. प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और सीनियर नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने नॉमिनेशन दाखिल किया. 

क्या कहते हैं आंकड़ें?

उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल में लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य शामिल होते हैं. राज्यसभा के मनोनीत सदस्य भी वोट डालने के पात्र होते हैं. निर्वाचक मंडल की प्रभावी संख्या 781 है और बहुमत का आंकड़ा 391 है. सत्तारूढ़ NDA को कम से कम 422 सदस्यों का समर्थन प्राप्त है और वाईएसआरसीपी जैसी पार्टियां पहले ही राधाकृष्णन को समर्थन देने की घोषणा कर चुकी हैं. वाईएसआरसीपी ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा नहीं है.