Mumbai BMC Election: वसई-पालघर में चुनाव से पहले पैसे बांटने का आरोप, वसई फाटा में नकदी जब्त, हिरासत में एक शख्स
Mumbai BMC Election 2026: वसई फाटा में पैसे बांटते लोग पकड़े गए, नकदी जब्त हुई. एक व्यक्ति हिरासत में लिया गया. शिवसेना नेता नीलम गोरहे ने निर्वाचन आयोग से कार्रवाई की मांग की.

वसई-पालघर इलाके में नगर निकाय चुनाव से पहले माहौल उस वक्त गर्मा गया, जब बहुजन विकास आघाड़ी और मनसे के कार्यकर्ताओं ने वसई फाटा इलाके में कुछ लोगों को पैसे बांटते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया. बताया जा रहा है कि यह घटना देर रात की है.
कार्यकर्ताओं ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने नकदी जब्त कर ली और एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया. मामले को लेकर इलाके में काफी देर तक चर्चा होती रही.
पुणे में भी पैसे बांटने का आरोप
इससे पहले शिवसेना नेता नीलम गोरहे ने गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने मंगलवार को कहा कि 15 जनवरी को होने वाले नगर निकाय चुनाव से पहले पुणे के कुछ वार्डों में खुलेआम धन वितरण किया गया है. गोरहे ने इस पर नाराजगी जताते हुए राज्य निर्वाचन आयोग से तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है.
प्रचार खत्म होते ही सामने आई शिकायतें
चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में नीलम गोरहे ने कहा कि कौसरबाग, कोंढवा और कटराज जैसे इलाकों में शिवसेना उम्मीदवारों के खिलाफ खड़े प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवारों ने मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए गलत तरीके अपनाए. उनके मुताबिक, कहीं पैसे बांटे गए तो कहीं डराने-धमकाने की कोशिश की गई.
कार्यकर्ताओं को धमकाने का भी आरोप
गोरहे ने यह भी कहा कि कुछ वार्डों से पार्टी को शिकायतें मिली हैं कि प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवारों और उनके समर्थकों ने शिवसेना के कार्यकर्ताओं को धमकाया. उन्होंने साफ कहा कि इस तरह की हरकतें लोकतंत्र के लिए खतरनाक हैं और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को नुकसान पहुंचाती हैं.
शिवसेना नेता ने कहा कि निर्वाचन आयोग को इन सभी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेना चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से हो सकें.
वहीं, पुलिस का कहना है कि वसई फाटा में पकड़े गए मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL


























