Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद में एयर इंडिया के प्लेन क्रैश में जान गंवाने वाले पायलट कैप्टन सुमित सभरवाल को आज (मंगलवार) अंतिम विदाई दी गई. इस दौरान उनके 90 साल के पिता पुष्करराज सभरवाल फफक-फफक कर रोए. हर किसी की आंखें नम थीं. पुष्करराज पार्थिव शरीर को कुछ देर हाथ जोड़े और प्रार्थना की. इसी दौरान फूट-फूटकर रोए. उनकी बेटी उन्हें ढांढस बंधाते दिखीं.
इससे पहले सभरवाल के पार्थिव शरीर को एक ताबूत में रखकर विमान से सुबह अहमदाबाद से मुंबई हवाई अड्डे पर लाया गया. इसके बाद सभरवाल के परिवार के सदस्य शव को पवई के जल वायु विहार स्थित उनके आवास पर ले गए.
स्थानीय लोगों ने दी श्रद्धांजलि
सभरवाल (56) के कई दोस्त, रिश्तेदार और स्थानीय निवासी श्रद्धांजलि देने के लिए उनके आवास के बाहर एकत्र हुए. व्यवसायी निरंजन हीरानंदानी और स्थानीय विधायक दिलीप लांडे उन लोगों में शामिल थे, जो सभरवाल को श्रद्धांजलि देने उनके आवास पर पहुंचे.
अधिकारी ने बताया कि बाद में पायलट के पार्थिव शरीर को लेकर शव वाहन चकला विद्युत शवदाह गृह के लिए रवाना हुआ. सभरवाल (56) मुंबई में अपने बुजुर्ग माता-पिता के साथ रहते थे.
लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान (एआई-171) 12 जून को अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था जिसमें 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे. विमान के एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार एक यात्री को छोड़कर बाकी सभी की मौत हो गई.
मेडिकल कॉलेज परिसर में मौजूद अन्य 29 लोगों की भी मौत हो गई. इस विमान की कमान कैप्टन सभरवाल और उनके सहयोगी फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर संभाल रहे थे. डीजीसीए ने पहले एक बयान में बताया था कि सभरवाल के पास 8,200 घंटे उड़ान का अनुभव था, जबकि कुंदर के पास 1,100 घंटे उड़ान का अनुभव था.
