Priyanka Chaturvedi on Donald Trump Post: भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्षविराम की सहमति का श्रेय अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लिया. प्रेसिंडेंट ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दावा किया कि उन्होंने दोनों देशों के बीच मध्यस्तता करवाई, तब जाकर तनाव कम हो सका. इसपर उद्धव ठाकरे की शिवसेना यूबीटी से सांसद प्रियंका चतुर्वेदी का बड़ा बयान आया है.

उद्धव ठाकरे गुट की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने एक्स पोस्ट में लिखा, "कश्मीर पर समाधान ढूंढने के लिए हमें अमेरिका या किसी और देश के हस्तक्षेप की जरूरत नहीं है. नियति ने हमें यह जिम्मेदारी सौंपी है और भारत को इस चुनौती का सामना करना आता है."

प्रियंका चतुर्वेदी के इस पोस्ट पर देश की आम जनता भी कमेंट कर अपनी राय स्पष्ट तौर पर रख रही है. भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि हम उम्मीद करते हैं डोनाल्ड ट्रंप पाकिस्तान के उस सिस्टम को खत्म करने का काम करेंगे जो भारत और दुनियाभर में आतंकवाद फैलाते हैं. जहां तक बात कश्मीर की है, भारत खुद इसका समाधान कर सकता है और हम पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर की बात कर रहे हैं. 

कश्मीर के मुद्दे पर क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप?अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्ट में यह साफ-साफ लिखा है कि वह दोनों देशों- भारत और पाकिस्तान के साथ मिलकर कश्मीर के मुद्दे का हल निकालने की कोशिश करेंगे. साथ ही, उन्होंने कहा, "शायद हजारों साल बाद इस समस्या का कोई समाधान निकल जाए." डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर कश्मीर के मुद्दे को सैकड़ों हजार साल पुराना बता दिया है. उनका कहना है कि दोनों देशों के बीच यह तनाव हमेशा से रहा है, कोई नया नहीं है.