नागपुर के नरेंद्रनगर के सुंदरबन इलाके में लव ट्रैंगल के चलते शुरू हुआ विवाद खूंखार हिस्ट्रीशीटर गौरव रगडे की निर्मम हत्या तक पहुंच गया. आरोप है कि गौरव रगडे पर उसके ही दोस्तों ने कुल्हाड़ी से हमला किया, जिसमें उसकी मौत हो गई. मामले में पुलिस ने गौरव प्रभाकर राऊत और दीपक वासनिक को आरोपी बनाया है. गौरव रगडे का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और डकैती समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं.
अजनी पुलिस थाने में ही उसके खिलाफ करीब 9 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. ऐसे में उसकी हत्या के बाद पुलिस ने पुराने आपराधिक विवादों के साथ-साथ उसके निजी संबंधों को भी जांच के दायरे में लिया है.
राहुल गांधी के धरने पर संजय राउत बोले- आज का बाहुबली!
दो साल से युवती के साथ था प्रेम संबंध
पुलिस के मुताबिक, गौरव रगडे का एक युवती के साथ पिछले करीब दो साल से प्रेम संबंध था. इसी युवती से नरेंद्रनगर निवासी गौरव राऊत की भी दोस्ती थी. समय के साथ राऊत और युवती की दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई. इसके बाद राऊत ने युवती के साथ मिलकर नरेंद्रनगर इलाके में एक क्लाउड किचन शुरू किया था. राऊत होटल के पास ही किराए के मकान में रह रहा था.
बताया जा रहा है कि राऊत को युवती और गौरव रगडे के बीच चल रहे प्रेम संबंध की जानकारी थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव और विवाद बढ़ने लगा. शुरुआत में यह विवाद निजी स्तर तक सीमित था, लेकिन धीरे-धीरे दोनों के बीच टकराव बढ़ता गया. पुलिस को शक है कि इसी प्रेम संबंध को लेकर पैदा हुई रंजिश ने बाद में हिंसक रूप ले लिया.
सुंदरबन इलाके में कुल्हाड़ी से किया हमला
पुलिस के अनुसार, सुंदरबन इलाके में गौरव रगडे पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए गौरव प्रभाकर राऊत और दीपक वासनिक को आरोपी बनाया है.
महाराष्ट्र: बकरों की कुर्बानी पर रोक, सड़ पर आवारा पशुओं को खाना खिलाने पर भी पाबंदी
दो सप्ताह पहले ही जेल से बाहर आया था आरोपी
इस मामले में आरोपी गौरव राऊत की आपराधिक पृष्ठभूमि भी सामने आई है. पुलिस के मुताबिक, राऊत करीब दो सप्ताह पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था. जमानत पर बाहर आने के कुछ ही दिनों बाद हत्या के इस मामले में उसका नाम सामने आने से पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
फिलहाल पुलिस लव ट्रैंगल, आपसी विवाद और आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है. इस वारदात के बाद नरेंद्रनगर के सुंदरबन इलाके में सनसनी फैल गई है.
