Mumbai News: मुंबई के दहिसर इलाके में साइबर यौन उत्पीड़न का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 47 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी पड़ोस में रहने वाली महिला को महीनों तक अश्लील और अपमानजनक ईमेल भेजकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया. दहिसर पुलिस ने इस मामले में आरोपी मोहित शाह को गिरफ्तार कर लिया है, जो पहले पीड़िता को बहन समान मानता था.
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वो एक निजी कंपनी में काम करती है और उसने नवंबर 2024 से लगातार आपत्तिजनक ईमेल प्राप्त होने की शिकायत दर्ज कराई थी. इन ईमेल्स में न सिर्फ अश्लील कंटेंट थे, बल्कि महिला के निजी जीवन से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां भी लीक की जा रही थीं. इससे परेशान होकर उसने पुलिस से मदद मांगी.
वीपीएन का किया गया इस्तेमाल
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने IPC और IT एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज की और साइबर स्पेशलिस्ट की मदद से तकनीकी जांच शुरू की. जांच में सामने आया कि आरोपी ने खुद की पहचान छिपाने के लिए वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (VPN) का इस्तेमाल किया था, ताकि वह ट्रेस न हो सके. यही नहीं, महिला की छवि को खराब करने के लिए उसके नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट भी बनाया गया था. जिसे भाई माना, वही निकला अपराधी
टेक्निकल एनालिसिस के बाद पुलिस ने गूगल और इंस्टाग्राम से आवश्यक डेटा मंगवाया और आईपी एड्रेस की गहराई से जांच की. अंततः जांच चार संदिग्धों तक सीमित हुई, जिनमें से एक मोहित शाह निकला, वही पड़ोसी जिसे महिला भाई मानती थी. शाह कई वर्षों तक इंग्लैंड में रहा और पत्नी से विवाद के बाद भारत लौट आया था.
नवरात्रि के दौरान महिला के पुरुष मित्रों के साथ डांडिया खेलने पर शाह ने आपत्ति जताई थी. इसी घटना के बाद दोनों के बीच बहस हुई थी और माना जा रहा है कि इसी विवाद के बाद उसने बदले की नीयत से यह साइबर उत्पीड़न शुरू किया. फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की आगे की जांच जारी है.
