Maharashtra Weather News: महाराष्ट्र में इस समय ठंड अपने चरम पर है. उत्तर भारत से आने वाली तेज ठंडी हवाओं के कारण राज्य के कई शहरों में न्यूनतम तापमान अचानक गिर गया है. कई जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच चुका है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर अलर्ट जारी किया है.

मुंबई और पुणे में महसूस हुई कड़ाके की ठंड

गुरुवार को मुंबई का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम में काफी कम माना जाता है. वहीं माथेरान में 17 डिग्री तापमान रहा. इससे मुंबई में लोगों को पहाड़ी इलाकों जैसी ठंड का अनुभव हुआ.

पुणे, नासिक और अहमदनगर में स्थिति और भी ठंडी रही. पुणे का तापमान 7.9 डिग्री और नासिक का 8.2 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे ठंड का असर साफ दिखाई दिया. लगातार तीसरे दिन राज्य में सबसे कम तापमान अहिल्यानगर में दर्ज किया गया. यहां का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा. लगातार तापमान में गिरावट के कारण लोग सुबह-शाम आग तापते दिखे तथा गर्म कपड़ों की मांग बढ़ गई है.

राज्य के अलग-अलग जिलों में कितना तापमान?

  • अहिल्यानगर: 6.6°C
  • पुणे: 7.9°C
  • जलगांव: 7.0°C
  • नासिक: 8.2°C
  • गोंदिया: 8.0°C
  • नागपुर: 8.1°C
  • वर्धा: 9.9°C
  • सातारा: 10.0°C
  • अमरावती: 10.2°C
  • अकोला: 10.0°C
  • सोलापुर: 13.2°C
  • कोल्हापुर: 14.4°C

कई जिलों में तापमान 7–10 डिग्री के बीच पहुंच गया है, जो सामान्य से काफी कम है.

कई जिलों में शीतलहर की चेतावनी

इस बीच, जलगांव, नासिक, अहमदनगर, सोलापुर, छत्रपति संभाजीनगर, जालना, परभणी, हिंगोली, नांदेड़, वर्धा, नागपुर और गोंदिया जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. धुले, निफाड और अहमदनगर के कुछ हिस्सों में तापमान 4 डिग्री तक गिर गया है. रात में बढ़ी ठंड के कारण नागरिकों ने घरों से बाहर निकलना कम कर दिया है. उत्तर से ठंडी लहरें जारी रहने से अगले कुछ हफ्तों में ठंड और बढ़ सकती है. 

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, ला नीनो के प्रभाव के कारण दिसंबर और जनवरी दोनों महीने राज्य के लिए सबसे ठंडे होने की संभावना है. नासिक के निफाड में पारा 6.1 डिग्री तक गिर चुका है. नागरिक सुबह-शाम घरों से निकलने में परहेज कर रहे हैं. सड़कों पर रात के समय सन्नाटा देखा जा रहा है.