महाराष्ट्र बजट सत्र के बीच विधानभवन को बम से उड़ाने की धमकी! सर्च ऑपरेशन शुरू
Maharashtra Vidhan Bhawan: महाराष्ट्र विधान भवन को एक ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिसके बाद परिसर में तलाशी अभियान जारी है. पहले भी मुंबई कोर्ट को बम की धमकी मिल चुकी है.

महाराष्ट्र विधानसभा में बजट सत्र चल रहा है. इस बीच विधान भवन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. विधान भवन कार्यालय के आधिकारिक ई-मेल अकाउंट पर बम होने की चेतावनी दी गई, जिसके बाद से परिसर मे सर्च ऑपरेशन जारी है. ईमेल भेजने वाले का अब तक कोई पता नहीं चला है. आरोपी अज्ञात है. बता दें, इसके पहले मुंबई के कोर्ट और कई इलाकों मे बम होने की धमकी मिली थी.
बम की धमकी का मामला संज्ञान में आते ही सुरक्षाकर्मियों ने विधान भवन परिसर को खाली कराया. तुरंत डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता बुलाया गया और अब परिसर में गहन जांच की जा रही है.
विधान भवन में मौजूद VIP
इस समय महाराष्ट्र विधानसभा में बजट सत्र चल रहा है, जिसके चलते परिसर में कई विधायक, मंत्री और VIP अधिकारी मौजूद हैं. इसे देखते हुए सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है और पुलिस परिसर में चप्पे-चप्पे की जांच कर रही है. पुलिस बल की तैनाती भी बढ़ा दी गई है. विधान भवन में सभी एंट्री और एग्जिट गेट बंद कर दिए गए हैं. किसी को भी अंदर या बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है. न तो आम जनता और न ही मीडियाकर्मी अंदर आ सकते हैं.
जब तक सर्च ऑपरेशन पूरा नहीं हो जाता, परिसर में सिक्योरिटी टाइट रहेगी. फिलहाल, मुंबई पुलिस की साइबर सेल इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि ईमेल भेजने वाला कौन है. जिस ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई है, उसे बैक-ट्रैक कर के आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.
अभी तक परिसर में नहीं मिला कुछ संदिग्ध
दूसरी ओर, सर्च ऑपरेशन में पुलिस को अब तक कुंछ संदिग्ध नहीं मिला है. हालांकि, बिना किसी लापरवाही के परिसर को पूरी तरह से खंगाला जा रहा है. जब तक सुरक्षाकर्मी पूरी तरह संतुष्ट नहीं हो जाते, यह जांच जारी रहेगी. इसके बाद ही परिसर को सिक्योर घोषित किया जाएगा और लोगों का आवागमन शुरू हो सकेगा.
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL



























