BMC Budget 2025 Highlights: बीएमसी का बजट पेश, मुंबई के विकास के लिए किस विभाग को कितने करोड़?
BMC Budget 2025: मुंबई महानगरपालिका आयुक्त और प्रशासक भूषण गगरानी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए मंगलवार को बजट पेश कर दिया है. इस बार कुल 74,427. 41 करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया.

Maharashtra BMC Budget 2025: महाराष्ट्र में बीएमसी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए आज मंगलवार (4 फरवरी) को बजट पेश कर दिया है. इस बार कुल 74,427. 41 करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया है. जिसमें पिछले साल के बजट 65180.79 करोड़ के मुकाबले 14.19 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. मुंबई की मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए 43,162 करोड़ का प्रावधान किया गया है. मुंबई महानगरपालिका आयुक्त और प्रशासक भूषण गगरानी ने यह बजट पेश किया.
किस विभाग को मिले कितने करोड़ रुपये?
- कोस्टल रोड प्रोजेक्ट के लिए 5807 करोड़ रुपये
- सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए 5545 करोड़ रुपये
- सड़क के लिए 5100 करोड़ रुपये
- जल आपूर्ति के लिए 5400 करोड़ रुपये
- स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 2172 करोड़ रुपये
- पुल निर्माण के लिए 1980 करोड़ रुपये
- सॉलिड वेस्ट मैनेंजमेंट के लिए 499 करोड़ रुपये
- स्कूल इमारत की मरम्मत के लिए 411करोड़ रुपये
इन प्रोजेक्ट्स पर लागू होगा बजट
- गोपाल कृष्ण गोखले ब्रिज, अंधेरी का पुनर्निर्माण में पहले चरण का काम पूरा हो चुका है. दूसरा चरण अप्रैल 2025 तक पूरा करने की योजना है.
- नेहरू साइंस सेंटर को डॉ. एनी बेसेंट रोड से जोड़ने के लिए पैदल अंडरपास (PUP) का निर्माण शुरू है, जिसका 14 प्रतिशत काम पूरा हुआ है.
- महालक्ष्मी रेलवे स्टेशन के पास केशवराव खाडये मार्ग पर केबल स्टेड ROB का विस्तार का 35 प्रतिशत काम पूरा हुआ है.
- महालक्ष्मी ब्रिज के दक्षिण भाग से एनएम जोशी मार्ग तक नई सड़क और डायवर्जन का निर्माण का काम 10 प्रतिशत पूरा हुआ है.
- मुंबई सेंट्रल और ग्रांट रोड रेलवे स्टेशन के बीच ओवर ब्रिज (ROB) का पुनर्निर्माण का 5 प्रतिशत काम पूरा हुआ है.
- जुहू वर्सोवा जंक्शन से डीएन नगर, बारिवाला रोड तक फ्लाईओवर का निर्माण 3 प्रतिशत काम पूरा हुआ है.
- ओशिवारा नाला पर S.V. रोड पर जर्जर यातायात पुल को ध्वस्त कर नया पुल (फेज-II) बनाने का कार्य अब तक 2 प्रतिशत पूरा हुआ है.
- मृणालताई गोरे फ्लाइओवर का राम मंदिर रोड से रिलीफ रोड तक विस्तार (P/South वार्ड) का काम 65 प्रतिशत पूरा हुआ है.
बीएमसी का पिछले पांच साल का बजट
- 2020-2021 बजट: 33 हजार करोड़ रुपये
- 2021-2022 बजट: 39 हजार करोड़ रुपये
- 2022-2023 बजट: 45949.2 करोड़ रुपये
- 2023-24 बजट: 52,619.07 हजार करोड़ रुपये
- 2024-25 बजट: 59,954 हजार करोड़ रुपये
पर्यावरण के लिए BMC का करोड़ों का बजट
पर्यावरण विभाग के लिए 113.18 करोड़ का बजट साल 2025-26 के लिए प्रस्तावित किया गया है. मुंबई क्लाइमेट एक्शन प्लान के तहत ऊर्जा, परिवहन, कचरा प्रबंधन, हरित क्षेत्र, वायु गुणवत्ता और जल संसाधन प्रबंधन पर ध्यान दिया गया है. बता दें मुंबई ग्रीन बजट बुक जारी करने वाला दुनिया का चौथा शहर है, जिसमें 32% पूंजीगत बजट जलवायु एक्शन प्लान के तहत आता है.
BMC द्वारा वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए उठाए गए ये कदम
- 28 बिंदुओं के दिशा निर्देशों का पालन निर्माण स्थलों पर अनिवार्य है.
- 95 टीमें (इंजीनियर्स, क्लीनअप मार्शल्स, पुलिस) निरीक्षण के लिए गठित की जाएं.
- 67 टैंकर (5000 लीटर) और 39 टैंकर (9000 लीटर) रोजाना सड़कों की धुलाई के लिए होंगे.
- प्रतिदिन 250 किमी सड़क सफाई के लिए मैकेनाइज्ड क्लीनिंग होगी.
- 5 नई एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन्स और 4 मोबाइल वैन स्थापित की जाएंगी.
- 100 बैटरी-संचालित सक्शन मशीनें धूल नियंत्रित करने के लिए खरीदी जाएंगी.
- मुंबई एयर ऐप के जरिए नागरिक वायु प्रदूषण की शिकायत कर सकते हैं.
- IIT कानपुर का "MANAS" प्रोजेक्ट प्रस्तावित, जिसमें सस्ते सेंसर से प्रदूषण स्तर की निगरानी होगी.
- BMC और IITM पुणे मिलकर एडवांस्ड एयर क्वालिटी फोरकास्ट सिस्टम बनाएंगे, जिससे 72 घंटे पहले प्रदूषण की जानकारी मिलेगी।
- लकड़ी/फॉसिल फ्यूल वाले बेकरी को क्लीन फ्यूल (PNG, बिजली) पर बदलने की योजना है.
- BMC की परियोजनाओं में भी वायु प्रदूषण नियंत्रण के नियमों का पालन अनिवार्य है.
यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र के विकास कार्यों पर लग सकता है ब्रेक? ठेकेदारों ने दी ये बड़ी चेतावनी, जानें मामला

























