रमी खेल विवादों में फंसे कृषि मंत्री पर भड़के अजित पवार! बोले- 'मिलने दो सामने से...'
Ajit Pawar News: महाराष्ट्र के कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह विधानसभा के अंदर रमी खेलते नजर आए. इस वीडियो को लेकर विपक्ष ने सरकार पर जमकर निशाना साधा.

महाराष्ट्र विधानसभा में रमी खेलते हुए विवादों में फंसे महाराष्ट्र के कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे को लेकर उपमुख्यमंत्री अजीत पवार का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा उन्हें सामने से मिलने दो मैं उनसे सामने से बात करूंगा.
अजित पवार ने बताया कि इस मामले की जांच शुरू हो चुकी है और सीएम देवेंद्र फडणवीस और मैं मिलकर इस पर फैसला लेंगे. ऐसा उन्होंने आश्वासन दिया.
अजित पवार ने हाल ही में विभिन्न विकास कार्यों की बैठकों में भाग लिया. इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने माणिकराव कोकाटे के बारे में अपनी बात रखी. उन्होंने कहा, "मुझे वह अब तक मिले नहीं हैं. मुझे कृषि मंत्री के उस वीडियो के बारे में जो जानकारी मिली, वह घटना विधानसभा के भीतर की है."
उन्होंने कहा कि विधानमंडल का जो परिसर है, वह राम कदम और राहुल नार्वेकर के अधिकार क्षेत्र में आता है. मेरी जानकारी के अनुसार उन्होंने भी इस पर जांच शुरू कर दी है. क्या वास्तव में वहां क्या हुआ, इसकी जांच जारी है. मुझे वे अब तक मिले नहीं हैं."
'सोच समझकर बोलना चाहिए'
डिप्टी सीएम ने ये भी कहा, "हमने पहले भी चर्चा की थी कि राज्य की जिम्मेदारी हम सभी पर है और हमें सोच-समझकर बोलना, व्यवहार करना और निर्णय लेना चाहिए. सभी पार्टियों के वरिष्ठ नेताओं ने अपने-अपने नेताओं को इस बारे में सख्त निर्देश दिए हैं."
'जांच में सामने आएगा सच'
उन्होंने आगे कहा, "इससे पहले भी एक बार ऐसी ही घटना उनके साथ हो चुकी है, तब मैंने उन्हें समझाया था. फिर दूसरी बार जब ऐसा हुआ, तब भी मैंने उन्हें चेतावनी दी थी."
अजित पवार ने कहा, "मैंने कहा था एक बार गलती हुई, दूसरी बार भी हुई, तीसरी बार ऐसा मौका मत आने दो. अब इस मामले में वे कह रहे हैं कि उन्होंने ऐसा कुछ किया ही नहीं. असलियत क्या है, यह जांच से सामने आ जाएगा."
'ऐसा बयान किसी से भी नहीं आना चाहिए'
उपमुख्यमंत्री पवार ने कहा, "सोमवार या मंगलवार को मैं उन्हें बुलाकर आमने-सामने चर्चा करूंगा और उसके बाद निर्णय लूंगा. अगर आरोप सही साबित हुए तो यह निर्णय हमारी ही अधिकारिता में होगा. मुख्यमंत्री और मैं मिलकर निर्णय लेंगे."
उन्होंने कहा, "बाकी कोई क्या बोल रहा है इसका कोई लेना-देना नहीं. अंततः जब हम महायुती सरकार में काम कर रहे हैं, तब हमारे किसी भी व्यक्ति, मंत्री, राज्य मंत्री या नेता द्वारा ऐसा कोई भी बयान नहीं आना चाहिए जिससे महायुती की बदनामी हो."
रमी खेलते कृषि मंत्री का वीडियो वायरल
बतादें की हाल ही में महाराष्ट्र के कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह विधानसभा के अंदर रमी खेलते नजर आए. इस वीडियो को लेकर विपक्ष ने सरकार पर जमकर निशाना साधा. साथ ही 'किसान भाइयों भूल जाओ समर्थन मूल्य, अब खेलो रम्मी', इस तरह के तंज कसे.
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL























