MP News: मध्य प्रदेश के छतरपुर से एक चौंकाने वाला हादसा सामने आया है. यहां एक संकरी गली में दो तेज रफ्तार बाइकें आमने-सामने भिड़ गईं. यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया.
टक्कर से दोनों युवक सड़क पर गिरे
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों ओर से बाइकें तेज गति से आ रही थीं. गली संकरी थी और दोनों बाइक सवार एक-दूसरे को देखकर भी धीमा नहीं हुए. अचानक जोरदार टक्कर हुई और दोनों युवक बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़े. टक्कर इतनी तेज थी कि आस-पास मौजूद लोग भी चौंक गए और भागकर घायलों की मदद करने पहुंचे.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुआ. अगर दोनों बाइक सवार थोड़ा सतर्क होते और रफ्तार कम कर लेते तो यह दुर्घटना टल सकती थी. स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों ने बताया कि युवकों को चोटें गंभीर हैं लेकिन फिलहाल वे खतरे से बाहर हैं.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
अक्सर देखा जाता है कि संकरी गलियों या भीड़भाड़ वाली सड़कों पर भी लोग तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं. इससे न केवल उनकी बल्कि दूसरों की जान भी खतरे में पड़ जाती है. छतरपुर की इस घटना ने सोशल मीडिया पर भी बहस छेड़ दी है. लोग कह रहे हैं कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना हर किसी की जिम्मेदारी है. प्रशासन से भी अपील की जा रही है कि ऐसी जगहों पर स्पीड कंट्रोल और ट्रैफिक नियमों के सख्त पालन की व्यवस्था की जाए.