'सोनम के कहने पर सोने की चेन पहन कर गया था राजा', भाई विपिन बोले- नार्को टेस्ट के लिए जाएंगे हाई कोर्ट
Raja Raghuvanshi Murder: राजा रघुवंशी हत्याकांड में, पुलिस को सोनम और आरोपी शिलोम जेम्स से शादी में चढ़ाए गए सोने के जेवर और नकदी मिले हैं. राजा के भाई विपिन ने नार्को टेस्ट की मांग की है.

Raja Raghuvanshi Murder Case: राजा रघुवंशी हत्याकांड में रोज नए खुलासे हुए हैं. अब सोनम रघुवंशी और आरोपी प्रॉपर्टी डीलर शिलोम जेम्स के पास सोने के जेवर और कैश समेत कई चीजें मिली हैं जो राजा-सोनम की शादी में चढ़ाई गई थीं. इसको लेकर राजा के भाई विपिन रघुवंशी का बयान आया है.
विपिन रघुवंशी ने बताया, "शिलॉन्ग पुलिस ने मुझे पूछताछ के लिए बुलाया था. जो रकम हमने चढ़ाई थी, उसकी जानकारी लेने के लिए उन्होंने कुछ सवाल किए थे. मेरे पास चढ़ाए गए सामान की फोटो वगैराह थी, वो सब हमने पुलिस को शेयर की हैं. पुलिस ने कहा था कि जो-जो चीजें मिलेंगी, उसकी जानकारी देते रहेंगे. अभी तक कितना सामान बरामद किया है, उसकी जानकारी नहीं मिली है."
16-17 लाख का सामान
विपिन रघुवंशी का दावा है कि शादी में करीब 16-17 लाख रुपये के जेवर आदि चढ़ाए गए थे. विपिन ने बताया कि राजा को शादी में जो-जो सामान चढ़ाया गया था, उसकी फोटो पुलिस ने मांगी थी. वो सब हमने दे दिया है. विपिन ने बताया कि उनके परिवार की तरफ से गहनों में मंगलसूत्र, चेन, अंगूठी, रानी हार, छोटा हार, कंगन, मांगटीका आदि था.
VIDEO | Indore couple case: Raja Raghuvanshi’s brother Vipin Raghuvanshi says, "...The jewellery was found at a location in Ratlam linked to one of Shilom James’s acquaintances. If Shilom James, the property dealer, took the jewellery there, others were likely involved as well.… pic.twitter.com/8AO32SDNZt
— Press Trust of India (@PTI_News) June 30, 2025
सोनम के कहने पर राजा ने गोल्ड चेन पहनी थी
भाई विपिन ने यह भी बताया, "राजा सोने की चेन पहन कर गया था. राजा ने शिलॉन्ग से फोटो भी भेजी थी, तो मम्मी ने कहा था कि चेन पहन कर क्यों गया है? तब राजा ने मम्मी को बताया था कि उसे सोनम ने कहा था कि चेन पहन कर चलना."
'शिलॉन्ग पुलिस से कोई शिकायत नहीं'
विपिन रघुवंशी का कहना है कि शिलॉन्ग पुलिस अच्छे से काम कर रही है. अभी तक हमें ऐसा नहीं लगा कि पुलिस ने जांच में कोई कमी छोड़ी हो. गोविंद से पूछताछ होनी चाहिए या नहीं होनी चाहिए, यह तो पुलिस तय करेगी.
नार्को टेस्ट की मांग
विपिन रघुवंशी ने कहा कि रतलाम में प्रॉपर्टी ब्रोकर शिलोम जेम्स के पास से जो भी चीजें पुलिस को मिली हैं, उसकी मुझे जानकारी नहीं है. शिलोम के परिवार के पास से काफी सामान मिला है. उससे सख्ती से पूछताछ होनी चाहिए. हो सकता है उसको किसी और का सपोर्ट भी मिला हो. इस बात पर भी जांच होनी चाहिए.
राजा रघुवंशी हत्याकांड पकड़े गए दो आरोपी अपने बयान से पलट रहे हैं. इसपर राजा के भाई विपिन ने कहा कि वो मेघालय हाई कोर्ट में नार्को टेस्ट की रिक्वेस्ट करते हुए अर्जी डालेंगे, क्योंकि नार्को टेस्ट जरूरी है ताकि जो आरोपी सामने नहीं आए हैं, उन्हें सामने लाया जा सके.
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL




























