आखिरी उड़ान: पति का जन्मदिन मनाने लंदन जा रही थी इंदौर की हरप्रीत, अहमदाबाद प्लेन क्रैश में गई जान
Air India Plane Crash: अहमदाबाद विमान हादसे में इंदौर की हरप्रीत होरा की मौत हो गई, जो अपने पति रॉबी से मिलने लंदन जा रही थीं. परिवार सदमे में है और हादसे की जांच की मांग कर रहा है.

Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद विमान हादसे ने कई परिवारों को झकझोर कर रख दिया है. इस हादसे में इंदौर की होरा फैमिली ने अपनी बहू हरप्रीत को खो दिया. हरप्रीत अपने पति रॉबी से मिलने लंदन जा रही थी.
हरप्रीत का ससुराल इंदौर में है और मायका अहमदाबाद में. उनकी शादी साल 2020 में रॉबी से हुई थी. रॉबी लंदन में नौकरी करते हैं. दोनों का प्लान था कि रॉबी का जन्मदिन साथ में मनाया जाएगा. हरप्रीत पहले 19 जून को लंदन जाने वाली थी, लेकिन क्योंकि रॉबी का जन्मदिन 16 जून को था इसलिए हरप्रीत ने अपना प्लान बदला और 12 जून को ही लंदन के लिए निकल गई.
फ्लाइट पकड़ने से पहले हुई थी बात
हरप्रीत के चाचा ससुर राजेश सिंह होरा ने बताया कि फ्लाइट पकड़ने से पहले ही परिवार की उनसे बात हुई थी. सभी ने उन्हें 'हैप्पी जर्नी' कहा. कोई नहीं जानता था कि ये हरप्रीत से आखिरी बातचीत होगी.
लंदन जाने के लिए बेहद खुश थी हरप्रीत
परिजनों का कहना है कि हरप्रीत बहुत खुश थी. वो लंदन जाने को लेकर काफी उत्साहित थी. जन्मदिन और यूरोप ट्रिप की तैयारी में लगी थी, लेकिन एक ही पल में सब कुछ खत्म हो गया. अब परिवार को सिर्फ इंसाफ चाहिए. वे चाहते हैं कि हादसे के पीछे की वजह सामने आए, ताकि दोबारा ऐसा न हो.
पत्नी की मौत का दुख, लंदन से भारत आ रहे रॉबी
इस हादसे ने हरप्रीत के ससुराल और मायके, दोनों को गहरे दुख में डुबो दिया है. पूरा परिवार सदमे में है. रॉबी भी अब लंदन से भारत लौट रहे हैं.
परिवार चाहता है कि इस हादसे की पूरी जांच हो. उन्हें जानना है कि आखिर ऐसा क्यों हुआ? किसकी गलती थी जिसकी वजह से सैकड़ों परिवार बर्बाद हो गए?
अहमदाबाद विमान हादसे में 265 लोगों की गई जान
12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही फ्लाइट टेक ऑफ करते ही हादसे का शिकार हो गई. विमान में 242 लोग सवार थे, जिनमें से केवल एक शख्स बचा. बाकी सभी की मौत हो गई. हादसे के बाद विमान जिस जगह गिरा, वहां भी 24 लोगों की जान चली गई है.
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL



























