Earthquake in MP: मध्य प्रदेश के सिंगरौली में भूकंप के झटके महसूस किए गए. यहां इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.5 थी. नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप शाम करीब 3:57 बजे आया और इसकी गहराई 10 किलोमीटर के आसपास थी.
सिंगरौली में जनवरी में भी आए थे भूकंप
भूकंप के झटके के बाद लोग डर से घरों से बाहर निकल आए. इससे पहले जनवरी महीने में सिंगरौली जिले में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे.
आज अरुणाचल प्रदेश में भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए. यहां Bichom में इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 2.8 थी. गुरुवार (27 मार्च) को पड़ोसी देश अफगानिस्तान में 5.2 और 4.6 तीव्रता के भूकंप आए.
क्या है राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की गाइडलाइन?
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के मुताबिक, भूकंप के आने के बाद शांत रहें, रेडियो/टी.वी. को चालू करें और इस पर आने वाली हिदायतों का पालन करें. भूकंप के बाद आने वाले झटकों के प्रति तैयार रहें. पानी, गैस तथा बिजली के स्विचों को बंद कर दें.
यदि कहीं आग लगी हो तो इसे बुझाने का प्रयास करें. यदि आप इसे बुझा न सकें तो फायर ब्रिगेड को बुलाएं. उस ज्वलनषील पदार्थ, जो जमीन पर बिखर गया हो, (अल्कोहल, पेंट आदि) को तुरंत साफ कर दें.
यदि लोगों को गंभीर चोट लगी हो तो उन्हें तब तक न हिलाएं जब तक कि उन्हें कोई खतरा न हो. यदि आपको पता चल जाए कि लोग जल गए हैं तो बचाव टीमों को बुलाएं. हड़बड़ी न मचाएं और चोटग्रस्त लोगों अथवा अपनी खुद की हालत को और खराब न बनाए.
यदि आपका घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया हो तो आपको इसको छोड़ना पड़ेगा. जिसमें पानी के बर्तनों, खाना तथा सामान्य तथा विषेश दवाइयों (दिल की बीमारी, डायबिटीज आदि के मरीजों हेतु) को इकट्ठा कर लें.
MP: इंदौर में ट्रांसजेंडर समुदाय के आश्रय स्थल में हुआ बवाल, जानें- क्या है पूरा मामला?