Bageshwar Dham Dhaba Wall Collapse: मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में एक बार फिर दर्दनाक हादसा हो गया. सोमवार (7 जुलाई) की रात उत्तर प्रदेश से आई एक महिला ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से रात 10 बजे दीक्षा ली थी, लेकिन महज छह घंटे बाद सुबह 4 बजे उसकी मौत हो गई.
महिला की मौत धाम परिसर में अचानक दीवार गिरने से हुई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. मृतका की पहचान 40 वर्षीय अनीता कहार के रूप में हुई है.
परिवार के साथ दीक्षा लेने आई थी बागेश्वर धाम
जानकारी के मुताबिक, अनीता उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले की रहने वाली थी और वे अपनी बेटी अंशिका और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बागेश्वर धाम पहुंची थीं. वह लंबे समय से बाबा से दीक्षा लेने की इच्छुक थीं. रात 10 बजे उन्हें पंडित धीरेंद्र शास्त्री से दीक्षा मिली, लेकिन सुबह जब सभी लोग सो रहे थे, तभी अचानक एक दीवार ढह गई. दीवार के मलबे में दबने से अनीता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद लोग बाल-बाल बच गए हादसे के बाद धाम में शोक का माहौल है.
बताया जा रहा है कि अनीता देवी के परिवार में दो बेटियां और दो बेटे हैं घटना के बाद परिवार पूरी तरह टूट चुका है. स्थानीय प्रशासन ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है. वहीं, बागेश्वर धाम प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया गया है.
कुछ ही दिनों पहले बागेश्वर धाम में हुआ था एक और हादसा
गौरतलब है कि इससे पहले भी 3 जुलाई को बागेश्वर धाम में एक बड़ा हादसा हुआ था. भारी बारिश के दौरान एक टेंट गिर गया था, जिसकी चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई थी. उस हादसे को लेकर धीरेंद्र शास्त्री ने बयान दिया था कि टेंट उस जगह पर लगा था जहां अब कोई नहीं जाता, लेकिन कुछ लोग बारिश से बचने के लिए वहां रुके थे. उस दौरान एक लेटे हुए व्यक्ति पर रॉड गिर गई थी जिससे उसकी जान चली गई थी. अब एक और मौत ने बागेश्वर धाम की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं.