झारखंड के साहिबगंज में गंगा उफान पर, कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात, प्रशासन अलर्ट
Sahibganj Floods: साहिबगंज में गंगा नदी के उफान से शहर और दियारा क्षेत्र में बाढ़ आ गई है. कई घर जलमग्न हैं, रास्ते बंद हैं, और लोग भोजन के लिए तरस रहे हैं. प्रशासन अलर्ट पर है.

झारखंड के साहिबगंज में बहने वाली गंगा रौद्र रूप धारण किये हुये है. गंगा के रौद्र रूप से दियारा के दर्जनों इलाके सहित शहर के भी कई इलाके बाढ़ की चपेट में है. लोगों के घरों में पानी घुस चुका है. रास्ते भी पानी के भर जाने के कारण बंद हो चुके है.
अब तक राहत नहीं मिलने से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. लोगों के घरों में पानी के वजह से चूल्हा नहीं जलने से लोग भूख से परेशान है. इधर गंगा के रौद्र रूप को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है जिसके लिए टोल फ्री नंबर को भी जारी किया गया है.
कई इलाके आ चुके बाढ़ की चपेट में
साहिबगंज जिले के दियारा सहित शहर के कई इलाके में गंगा नदी का रौद्र रूप तबाही मचा रहा है. साहिबगंज जिले के कई पंचायत और शहर के कई इलाके बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं, जहां लोगों के घरों तक घुटने भर पानी घुस गया है. इलाके के शिवलाल टोला और सीताराम टोला गंगा में समा चुके हैं, जबकि रामबचन टोला और आषाढ़ी टोला पर खतरा मंडरा रहा है.
जिला पूरी तरह हो चुके हैं जलमग्न
अब तक नाथू टोला, रामानंद टोला, सिल्लू टोला, वंशीधर टोला, फुलचंद टोला, फागू टोला, नारायण टोला, बालू टोला, उमेश टोला,रघुवीर टोला, रसूलपुर दहला, हबीबपुर पाइप रोड, शास्त्री नगर, बायशी स्थान भारतीय कॉलोनी, अलीनगर, लाल बथानी, रामपुर दियारा, तोपड़ा दियारा सहित जिला पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं.
खुले आसमान के नीचे जीवन बिताने को हैं मजबूर
बाढ़ पीड़ितों का आरोप है कि अब तक न तो प्रशासन, न ही कोई जनप्रतिनिधि राहत के लिए पहुंचा है. पानी के कारण लोगों का चूल्हा नहीं जल पा रहा है. भूख से लोग व्याकुल है. लोगों का आरोप है कि चुनाव के समय नेता वोट मांगने आते हैं, लेकिन अब कोई हाल पूछने नहीं आया. लोग खुले आसमान के नीचे जीवन बिताने को मजबूर हैं.
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अविलंब राहत सामग्री, मेडिकल सुविधा और सुरक्षित ठिकानों की व्यवस्था की जाए. बाढ़ की स्थिति हर पल विकराल होती जा रही है.
टोल फ्री नंबर किया गया है जारी
जानकारी के मुताबिक गंगा का रौद्र रूप को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है, जिसके लिए टोल फ्री नंबर को भी जारी किया गया है. इधर 10 अगस्त से 15 अगस्त तक और वर्षा होने की संभावना मौसम विभाग रांची द्वारा जारी किया गया है. विभाग ने वर्षा के साथ मेघ गर्जन के साथ येलो अलर्ट जारी किया है.
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL























