रांची में घरेलू रसोई गैस की किल्लत! लोग परेशान, LPG सिलेंडर के लिए लंबी कतारें
Ranchi LPG Cylinder Shortage: रांची में बड़ी संख्या में लोग कई घंटों तक कतार में लगकर अपनी रोजमर्रा कामों को छोड़कर रसोई गैस सिलेंडर लेने के लिए अपनी बारी आने का इंतजार कर रहे हैं.

मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग का असर भारत में साफ तौर से दिखाई देने लगा है. झारखंड की राजधानी रांची में LPG सिलेंडर की कमी से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है. घरेलू रसोई गैस सिलेंडर लेने के लिए लंबी कतारें दिख रही हैं. लोग कई घंटों तक अपनी रोजमर्रा कामों को छोड़कर गैस सिलेंडर लेने के लिए अपनी बारी आने का इंतजार कर रहे हैं ताकि घर पर भोजन का इंतजाम हो सके.
LPG सिलेंडर लेने के लिए घंटों कतार में लग रहे लोग
एलपीजी के दामों में बढ़ोतरी के बाद अब गैस सिलेंडर की कमी से लोग परेशानियों का सामना कर रहे हैं. कतार में खड़े एक उपभोक्ता ने बताया कि पिछले पांच दिनों से वो गैस सिलेंडर को लेकर परेशान हैं, गैस नहीं मिल पा रही है. आज भी सिलेंडर लेने के लिये कतार में खड़े हैं लेकिन अब तक उन्हें गैस नहीं मिल पाई है. उन्होंने बताया कि सरकार एक तरफ कह रही है रसोई गैस की कोई कमी नहीं लेकिन हकीकत है कि गैस मिलना मुश्किल हो गया है. सरकार साफ झूठ बोल रही है. दूसरे देशों में जो युद्ध चल रहा है उसका असर भारत में देखने को मिल रहा है.
रांची में LPG उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ी
वहीं, प्रलाद प्रसाद नाम के एक शख्स ने एबीपी न्यूज को बताया कि युद्ध कहीं और हो रहा है. बम-बारूद कहीं और चल रहा है लेकिन देश में इसका असर हो रहा है. उन्होंने कहा इसका असर देखना है तो उस घर में देखा जा सकता है, जहां छोटे बच्चे भूखे प्यासे पड़े हैं. उन्होंने कहा कि जब विनाश की घड़ी आती है तो मनुष्य का विवेक मर जाता है. अपनी पीड़ा बताते हुए उन्होंने कहा पिछले 2 से 3 घंटों से वे कतार में खड़े हैं.
गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं का गुस्सा
वहीं एक और उपभोक्ता ने बताया कि आज सुबह गैस समाप्त हो गया जिस कारण वे सुबह से ही लाइन में खड़े हैं. उन्होंने कहा कि आज गैस को लेकर ड्यूटी तक नहीं जा सके. उनका गुस्सा गैस एजेंसी पर भी दिखा. उन्होंने बताया कि अगर डोर टू डोर वाला सिस्टम बंद भी किया गया होता तो उन्हें कतार में नहीं लगना होता.
गैस एजेंसी ने क्या कहा?
वहीं गैस एजेंसी में काम करने वाले कर्मचारियों ने कहा कि अभी उनके पास गैस की कमी है, जिस कारण लोगों की लंबी कतार लग गई है. उन्होंने कहा कि युद्ध के कारण जितना गैस उनके पास आना चाहिए वो नहीं आ पा रहा है. जब तक गैस सिलेंडर की कमी पूरी नहीं हो जाती तब तक लोगों को एजेंसी जाकर ही सिलेंडर लेना पड़ेगा.
LPG की किल्लत पर क्या बोले मंत्री इरफान अंसारी?
गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमत और किल्लत को लेकर मंत्री इरफान अंसारी ने पीएम नरेंद्र मोदी को घेरते हुए कहा, ''केंद्र सरकार की विदेश नीति पूरी तरह से फ्लॉप है. अभी गैस सिलेंडर के दाम बढ़े हैं. आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी होगी. महंगाई चरम पर होगी और देश तमाशा देखेगा. देश में आने वाले समय में बहुत बड़ा संकट आने वाला है. सरकार सिर्फ हिंदू-मुस्लिम कर रही है. मैं राहुल गांधी से कहना चाहता हूं कि मोदी जी को पाठ पढ़ाएं ताकि देश संभल सके.''
Source: IOCL



























