Jharkhand Train Accident: आज सुबह झारखंड के साहिबगंज जिले के बरहरवा रेलवे क्षेत्र में एक बड़ा रेल हादसा हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. यह दुर्घटना मालदा रेल मंडल के बरहरवा हिल अपर साइड पर हुई. एक मालगाड़ी जो पत्थर से लदी हुई थी, अचानक बेकाबू होकर पटरी से उतर गई और उसकी कई बोगियां एक-दूसरे से टकराकर पलट गईं.
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी पहाड़ी ढलान पर खड़ी थी. ढलान के कारण वह धीरे-धीरे पटरी पर सरकने लगी. कुछ ही मिनटों में गाड़ी तेजी से आगे बढ़ी और एक के बाद एक बोगियां आपस में टकराने लगीं. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई बोगियां पलटकर पटरी से उतर गईं और बगल की बस्ती की ओर गिर गईं.
ग्रामीणों में दहशत का माहौल
जब बोगियों के टकराने और गिरने की आवाज आई तो आसपास के गांवों के लोग डर के मारे भागते हुए घटनास्थल पर पहुंच गए. गांव वालों ने बताया कि बोगियां एक के बाद एक जोर से टकरा रही थीं और चारों ओर पत्थर फैल गए थे. कई लोग इस घटना को देखकर डर और हैरानी में पड़ गए. गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, जबकि बोगियां बस्ती की ओर गिरी थीं.
रेलवे को भारी नुकसान
इस दुर्घटना में रेलवे को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है. कई बोगियां पूरी तरह से टूट गई हैं और उनमें लदा माल भी बिखर गया है.
ये भी पढ़ें-
