झारखंड के धनबाद में कानून का पाठ पढ़ने वाले छात्र खुद कानून तोड़ने पर उतारू हो गए. दरअल, धनबाद लॉ कॉलेज में बुधवार (10 सिंतबर) को छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई. दोनों गुटों के बीच मारपीट इस कदर बढ़ गई कि प्रिंसिपल ऑफिस मानो रणक्षेत्र बन गया हो. वहीं प्रिसिंपल ने दोषी छात्रों को चिन्हित कर कार्रवाई की बात कही है.

कॉलेज कॉलेज के प्रिसिंपल ऑफिस में दोनों गुटों की ओर से जमकर लात घूसे चले. इस घटना में करीब आधा दर्जन छात्र घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए धनबाद सदर अस्पताल भेजा गया है. घटना की सूचना सदर थाना पुलिस को दी गई.

 

'मारपीट में बाहरी लोग भी शामिल'

वहीं इस घटना को लेकर घायल छात्रों ने आरोप लगाया कि पुराने विवाद को लेकर प्रिंसिपल के साथ वार्ता चल रही थी तभी एक गुट ने अचानक दूसरे गुट पर हमला कर दिया. उनका कहना है कि इस मारपीट में बाहरी लोगों को भी शामिल किया गया और सुनियोजित तरीके से यह हमला किया गया. लॉ कॉलेज की छात्राओं ने भी दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है. 

'मारपीट करने वाले छात्रों को चिन्हित कर होगा एक्शन'

कॉलेज प्रिंसिपल कमल किशोर ने बताया कि छात्र यूनियन के साथ एक मुद्दे पर बातचीत हो रही थी. इसी दौरान दोनों गुटों में विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई. उन्होंने कहा घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है और घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने कहा कि चिन्हित कर दोषियों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी.

'प्लानिंग के साथ हुआ हमला'

इधर इस मारपीट में घायल हुए छात्रों का कहना है कि वे जब से दूसरे छात्र संगठन से जुड़े हैं, तब से उन्हें टारगेट किया जा रहा है. आज उनपर पूरी प्लानिंग के साथ यह हमला किया गया है.