Jharkhand News: झारखंड के जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में एक महिला हाईटेंशन टावर पर चढ़ गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. यह घटना करीब 3:30 बजे की है, जब महिला अचानक 60 फीट ऊंचे हाइटेंशन टावर पर चढ़ गई और नीचे उतरने से इनकार कर दिया.

महिला का कहना था कि उसका पति उसे धोखा दे रहा है और जब तक वह सामने नहीं आएगा, वह नीचे नहीं उतरेगी. इस घटना ने न सिर्फ केवल स्थानीय लोगों को चिंता में डाल दिया, बल्कि प्रशासन को भी तत्काल कार्रवाई करने के लिए मजबूर कर दिया.

क्या है पूरा मामला?

महिला की उम्र 28 साल बताई जा रही है. महिला की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र की निवासी के रूप में हुई है. वह और उसका पति दोनों रांची के लालपुर इलाके में एक निजी संस्थान में काम करते थे. महिला का आरोप है कि उसका पति अब किसी अन्य युवती के साथ रिश्ता बनाने की कोशिश कर रहा है, जिससे वह आहत है. इस बात से नाराज होकर वह मंगलवार दोपहर जमशेदपुर के सोनारी क्षेत्र में पहुंची और हाईटेंशन टावर पर चढ़ गई. 

रेस्क्यू के दौरान महिला बेहोश हो गई

टावर पर चढ़ने के बाद महिला ने नीचे उतरने से इनकार कर दिया और बार-बार यही कहती रही कि जब तक उसका पति सामने नहीं आएगा और माफी नहीं मांगेगा, वह नीचे नहीं उतरेगी. इस दौरान मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस, फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची. स्थिति को कंट्रोल करने के लिए सोनारी थाना प्रभारी और अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे.

पुलिस ने महिला को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी. लगभग 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा गया. रेस्क्यू के दौरान महिला थोड़े समय के लिए बेहोश भी हो गई थी, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया.