उपराष्ट्रपति पद के लिए एनडीए के बाद अब इंडिया गठबंधन की तरफ से भी उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है. इंडिया ब्लॉक ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज बी. सुदर्शन रेड्डी को उपराष्ट्रपति पद का कैंडिडेट बनाया है. वहीं इस चुनाव पर अब जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का बयान सामने आया है.
सीएम उमर अब्दुल्ला ने उपराष्ट्रपति चुनाव पर कहा, "चुनाव होंगे, अभी तक हम यह नहीं समझ पाए हैं कि ये चुनाव हम पर थोपे क्यों गए, अचानक जगदीप धनखड़ ने उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा क्यों दिया और गए कहां? जिस दिन से उन्होंने पद छोड़ा उस दिन से नज़र नहीं आए. जहां तक उपराष्ट्रपति चुनाव का सवाल है, इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार को जीतना चाहिए."
किश्तवाड़ में बादल फटने पर क्या कहा?
वहीं किश्तवाड़ के चशोती इलाके में बादल फटने की घटना पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, "स्थिति आपके सामने है. लगभग 70 लापता लोगों को जीवित ढूंढ पाना लगभग नामुमकीन है. हमारी कोशिश होगी कि ज़्यादा से ज़्यादा शव निकाले जाएं और उन्हें उनके परिवारों को सौंपा जाए. हम जितना कर सकते हैं, करेंगे."
उन्होंने आगे कहा, "किश्तवाड़ में जो हुआ वह ग्लेशियल लेक के फटने से नहीं, बल्कि बादल फटने से हुआ था. अब इसके लिए हमें विशेषज्ञों की नियुक्ति करनी चाहिए जो देखें कि कौन से इलाके सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं. कुछ महीने पहले रामबन में भी यही देखने को मिला था."
'एक्सपर्ट्स की करनी होगी नियुक्ति'
सीएम अब्दुल्ला ने ये भी कहा, "हम देखेंगे कि सरकार क्या कदम उठा सकती है ताकि ऐसी स्थिति फिर न आए या अगर आए भी तो ज्यादा नुकसान न हो, इसके लिए अब हमें विशेषज्ञों की नियुक्ति करनी होगी और उनसे रिपोर्ट मंगवानी होगी."
