पहलगाम आतंकी हमले पर जम्मू-कश्मीर जेडीयू के चीफ जीएम शाहीन ने पहलगाम आतंकी हमले पर बड़ा बयान दिया. उन्होंने आतंकियों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि मैं साफ करना चाहता हूं कि वो मुस्लिम नहीं हैं. क्योंकि कुरान और इस्लाम में किसी को किसी की जान लेने की इजाजत नहीं है. जिन लोगों ने मारा है वो मुस्लिम नहीं हैं. पाकिस्तानी लोगों को गिनती मुसलमानों में कैसे कर सकते हैं? जो दुनिया के मौलाना और उलेमा हैं, उनको चाहिए कि इनको इस्लाम से बेदखल कर दें. 

'हम 35 सालों से हर महीने सबूत दे रहे हैं'

न्यूज़ एजेंसी ANI से बातचीत में उन्होंने पाकिस्तान के पूर्व मंत्री बिलावल भुट्टो पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि आप सबूत मांगते हैं. हम 35 सालों से हर महीने हम यहां सबूत दे रहे हैं. जब अजहर मसूद को छोड़ना पड़ा तो वो कौन था? एक अजहर मसूद क्या, हमने आज तक हजारों सबूत दे दिए. वो लोग कौन हैं? थोड़ी भी शर्म होती तो बीस साल पहले पाकिस्तान में इन चीजों को बैन कर दिया गया होता. आप उनको गिरफ्तार करते. आप उनको जेल भेजते लेकिन आपने उनको सपोर्ट किया. 

इंडिया को टारगेट करना पाकिस्तान की पॉलिसी- शाहीन

पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए जीएम शाहीन ने आगे कहा, "आपने चुन चुनकर अपने सिपाहियों को बॉर्डर क्रॉस करके जम्मू कश्मीर भेज दिया और यहां पर टारगेट किलिंग कर दी. इनकी पॉलिसी रही है इंडिया को टारगेट करना और आतंकवाद को सपोर्ट करना. जिस आदमी ने अमेरिका में टारगेट किलिंग की टावर पर जाकर, वो कहां छिपा? उसको अमेरिका ने कहां पकड़ा? ये तो देखने वाली बात है." 

'पाकिस्तान को साफ करना दुनिया की मजबूरी'

क्या दुनिया को इसके खिलाफ एक्शन लेना चाहिए. इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "अमेरिका में हमला करने वाला पाकिस्तान के अंदर छुपा. दुबई में हमला करने वाला पाकिस्तान के अंदर छुपा. रूस और ब्रिटेन में अटैक किया. उनकी जड़ पाकिस्तान में लगी हुई हैं. इस वक्त पूरी दुनिया को सामने आने की जरूरत है. पाकिस्तान को साफ करना पूरी दुनिया की मजबूरी है."