फारूक अब्दुल्ला ने अपने CM बेटे से की गुजारिश, किसका जिक्र कर कहा- 'इन पर रहम किया जाए...'
Farooq Abdullah News: नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि बाबा नगरी के साथ हमारे खानदान के गहरे ताल्लुक हैं. उन्होंने कहा कि नफरतों का जो दौर चल रहा है उसे अल्लाह खत्म करे.

Jammu Kashmir News: नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने हजरत मियां निजाम-उद-दीन कियानवी के 129वें उर्स पर वांगट कंगन में बाबा नगरी का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने देश की हिफाजत, अमन और लोगों की तरक्की के लिए दुआ की. इस मौके पर उन्होंने पहलगाम हमले के बाद पर्यटकों की घटती संख्या को लेकर भी चिंता जताई और टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए प्रयास करने की बात कही. उन्होंने जम्मू कश्मीर के स्टेटहुड को लेकर भी फिर से जिक्र किया.
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात उन्होंने कहा, ''यहां दुआ करेंगे तो वो मंजूर होगी. इंशा अल्लाह यह कभी बंद नहीं होगा, ये चलता रहेगा. सबसे बड़ी दुआ जो मैंने की है, वो ये है कि अल्ला ताला इस रियासत के लोगों को हिफाजत में रखे, उनकी तरक्की हो. उनके बच्चे आगे बढ़ सकें, अमन हो और हम ये देख सके कि जो मुल्क में नफरत का जो माहौल है वो खत्म हो गया है. लोग आएंगे और बाबा के दर्शन करेंगे और दर्शन करने के बाद अपने घर के लिए और वतन के लिए दुआ करके चले जाएंगे.''
'बाबा नगरी के साथ हमारे खानदान के गहरे ताल्लुक'
फारूक अब्दुल्ला ने आगे कहा, ''बाबा नगरी के साथ हमारे खानदान के गहरे ताल्लुक है. इन दोनों खानदानों में यहां के लोगों की खिदमत है. आज भी कर रहे हैं और इंशा अल्लाह जबतक दुनिया कायम है, खिदमत करते जाएंगे. यहां आकर इंसान न सिर्फ अपने लिए मांगता है बल्कि सबके लिए मांगता है कि अल्लाह सभी पर रहम करो, हम गुनाहगार है, हमारे गुनाहों को माफ करो और हमें उन मुश्किलों को निकालो, जहां हम पड़े हुए हैं. देश में अमन आए, दोनों मुल्कों में अमन आए. दोस्ती रहे और आगे तरक्की करे. नफरतों का जो दौर चल रहा है उसे अल्लाह खत्म करे.''
स्टेटहूड के सवाल क्या बोले फारूक अब्दुल्ला?
नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख ने स्टेटहूड के सवाल पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, ''स्टेटहुड का तो हमारा मसला है ही और वो तो कभी खत्म नहीं होने वाला है. हमें उम्मीद है कि जो उन्होंने वादा किया है, न सिर्फ पार्लियामेंट में बल्कि सुप्रीम कोर्ट में भी, इंशा अल्लाह वो उसे पूरा करेंगे. लोगों की इनसे उम्मीदें हैं. कैसे पूरा करेंगे जबतक स्टेट नहीं होगा. सड़कें, स्कूल और अस्पताल ठीक करने हैं. यहां पर टूरिज्म का नया सिलसिला शुरू होना चाहिए. यह बहुत ही खूबसूरत जगह है.''
टूरिज्म को लेकर फारूक अब्दुल्ला ने क्या कहा?
जब उनसे पूछा गया कि पहलगाम हमले के बाद टूरिज्म पूरा ठप है. इस सवाल पर उन्होंने कहा, ''हर कोशिश की जा रही है, इसे लेकर कैबिनेट मीटिंग भी हुई है. मैं भी वहां पर था. हमसब थे. कोशिश कर रहे हैं. पहलगाम ही नहीं माता वैष्णोदेवी भी लोग नहीं आ रहे हैं. डर बना हुआ है. उस डर को दूर करने के लिए मैं वहां जा रहा हूं कि यहां अमन है और आप आइए. यहां से अपनी बरकतें ले जाइए, वतन के लिए भी और अपने लिए भी. इस जन्नत को देखने के लिए ज्यादा से ज्यादा लोग आइए.''
होटल वालों ने कमरे बनाए कि लोग वहां रह सके, घोड़े वालों ने बैंक के कर्ज से घोड़े खरीदे, शिकारे वाले, टैक्सी वालों ने नई टैक्सियां खरीदीं कि टूरिस्ट को आराम से ले जा सकें, वो सभी बैठ गए. मुख्यमंत्री से मैंने खुद गुजारिश की है कि जब टूरिज्म उठेगा तो ये लोग बैंक का कर्जा वापस कर देंगे. इन पर रहम किया जाए और बैंक से अभी इन्हें तंग न किया जाए.''
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL
























