मनाली में सांस्कृतिक कार्यक्रम में भीड़ के बीच युवक की हत्या, परिजनों ने शव रखकर दी आंदोलन की चेतावनी
Manali News: पर्यटन नगरी मनाली में कार्निवल के दौरान एक युवक का मर्डर हो गया. हत्या की वारदात मनाली मनु रंगशाला में हुई, जहां हजारों की संख्या में लोग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद उठा रहे थे.

Manali Crime News: शांत कहे जाने वाले राज्य हिमाचल प्रदेश के कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं. पर्यटन नगरी मनाली में कार्निवल के दौरान एक युवक का मर्डर हो गया. हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है.
यह हत्या का मामला मनाली मनु रंगशाला में हुआ है, जहां हजारों की संख्या में लोग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद उठा रहे थे. मनाली में मनु रंगशाला के पीछे युवक की हत्या का पता चलते ही लोगों में भगदड़ भी मच गई.
वशिष्ठ गांव का रहने वाला था मृतक
हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने युवक का शव कब्जे में ले लिया है. युवक का नाम दक्ष है, जो वशिष्ठ गांव का रहने वाला था. इस बीच मृतक युवक के परिजनों ने मनाली अस्पताल में पहुंचकर पुलिस अधिकारी पर भी अभद्रता का आरोप लगाया.
उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी अपना रोष व्यक्त किया है. मृतक युवक के चाचा श्याम लाल ने बताया कि वे जब मनाली अस्पताल पहुंचे, तो उन्होंने पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग किया. इस बीच एक अधिकारी मौके पर पहुंचकर उनके साथ अभद्रता करने लगा. ऐसे में उक्त अधिकारी के साथ भी प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही मनाली पुलिस
श्याम लाल ने बताया कि मनाली की मनु रंगशाला में सभी व्यक्ति सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद ले रहे थे. तभी मनु रंगशाला के बैक स्टेज में उनके भतीजे की हत्या कर दी गई. मनाली पुलिस जल्द से जल्द अभी आरोपियों के गिरफ्तार करे. अगर ऐसा नहीं हुआ तो, गुरुवार को युवक का शव मालरोड पर रखा जाएगा.
मनाली घाटी के सभी लोग मिलकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष प्रदर्शन करेंगे. वहीं, डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस की टीम सीसीटीवी फुटेज को चेक कर रही है. जल्द ही युवक की हत्या में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा. हत्या के कारण अभी साफ नहीं हैं.
साल 2025 परफॉर्मिंग ईयर? CM सुक्खू की अधिकारियों को 'डिलेड करप्शन' बंद करने के निर्देश
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL

























