हिमाचल में गर्मी दिखाने लगी तेवर! मैदानी इलाकों में लू जैसे हालात, बारिश पर आया बड़ा अपडेट
Himachal Weather News: मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 11 से 14 मार्च के बीच प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है.

हिमाचल प्रदेश में मार्च में ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. प्रदेश के मैदानी जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और कई जगहों पर लू जैसे हालात बनने लगे हैं. सोमवार (09 मार्च) को ऊना में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान रहा है.
इस बीच आज (10 मार्च) देर रात से मौसम में बदलाव की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 11 से 14 मार्च के बीच प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है. IMD का पूर्वानुमान है कि प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, बर्फबारी, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चल सकती हैं.
किन-किन जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट?
कई जिलों में हीटवेव से लेकर गंभीर हीटवेव की स्थिति बन सकती है. कुछ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. विशेष रूप से कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सोलन जिलों में 10 मार्च यानी आज भी हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है.
कुल्लू समेत इन जिलों में तापमान 30 डिग्री के पार
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और कुल्लू जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है. लगातार तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण मैदानी इलाकों में दोपहर के समय लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है.
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने कांगड़ा, कुल्लू, ऊना, मंडी और सोलन जिलों के लिए गर्म हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में दिन के समय तेज धूप के साथ गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान और बढ़ सकता है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि ऊना और हमीरपुर में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है. वहीं कांगड़ा और बिलासपुर में भी दिन के समय पारा तेजी से ऊपर चढ़ रहा है.
बारिश और बर्फबारी की भी संभावना
हालांकि राहत की खबर यह है कि मंगलवार से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग के मुताबिक 11 मार्च से 15 मार्च के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. इस दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आने के आसार हैं.
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL



























