Himachal Pradesh: शिमला में ड्रोन से डोर-टू-डोर सर्वे पूरा, जल्द 24 घंटे पानी देने का दावा
Himachal Pradesh News: शिमला में ड्रोन की मदद से डोर-टू-डोर सर्वे पूरा हो गया है. जल्द ही शिमला शहर के लोगों को 24 घंटे पानी देने का दावा किया जा रहा है. फ्रांस की कंपनी को ये प्रोजेक्ट मिला है.

Himachal Pradesh Latest News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में साल 2018 में हुई पानी की किल्लत ने राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरी थीं. हर साल गर्मी के दौरान शिमला शहर के लोगों को पानी की कमी से जूझना पड़ता है. ऐसे में यहां के लोगों के लिए 24 घंटे पानी उपलब्ध हो पाना, किसी सपने से कम नहीं है. दूर की कौड़ी दिखने वाले 24 घंटे पानी की व्यवस्था किए जाने के दावे होने लगे हैं. फ्रांस की सुएज कंपनी ने शिमला में ड्रोन की मदद से डोर-टू-डोर सर्वे पूरा कर लिया है. जल्द ही शिमला शहर के लोगों को 24 घंटे पानी देने की बात कही जा रही है.
पहली बार ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल
शिमला में पहली बार जल वितरण की योजना बनाने के लिए ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल किया गया है. इस सर्वे के जरिए सभी प्रमुख हिस्सों का सर्वे किया गया. इससे वॉटर स्टोरेज की सही जगह और पाइपलाइन की जरूरत के बारे में जानकारी हासिल की गई है. ड्रोन सर्वे की यह प्रयास अन्य सरकारी विभागों के लिए भी भविष्य में उपयोगी साबित हो सकती है.
ड्रोन सर्वे के साथ कंपनी ने हर घर का डोर-टू-डोर सर्वे भी किया है. अब इसके बाद कंपनी लोगों के घर जाकर परियोजना के फायदे को समझाएगी. यही नहीं लोगों से सुझाव भी लिए जाएंगे, ताकि शिमला शहर में 24 घंटे पानी उपलब्ध करवाया जा सके.
अगले चरण में बनेंगे 40 वॉटर टैंक
सर्वे के बाद अब परियोजना के अगले चरण में 40 वॉटर टैंक बनाए जाने की योजना है. इन वॉटर टैंक को से शहर में 17 मीटर तक की ऊंचाई वाली इमारत में एक जैसे ही प्रेशर के साथ पानी दिया जाएगा. इसके अलावा पुरानी और खराब पाइपलाइन को भी बदल जाएगा. इससे शहर में होने वाली पानी की बर्बादी काम हो सकेगी. शहर में स्मार्ट मीटर के जरिए मानवीय हस्तक्षेप कम होगा. उपभोक्ता अपने पानी के दैनिक खर्च की सीमा भी तय कर सकेंगे. इसके अलावा ऊंचाई वाले इलाकों में भी प्रेशर के साथ पानी मिलेगा.
गौर हो कि शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड इस परियोजना को देख रहा है, जबकि फ्रांस की सुएज कंपनी इस प्रोजेक्ट को ग्राउंड पर लागू कर रही है.
ये भी पढ़ें- हिमाचल: स्कीइंग सीख रहे बौद्धिक रूप से चुनौती वाले 39 बच्चे, इटली जाकर वर्ल्ड विंटर गेम्स में लेंगे हिस्सा
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL



























