कविंद्र गुप्ता बने हिमाचल के 30वें राज्यपाल, HC के चीफ जस्टिस ने दिलाई पद और गोपनीयता की शपथ
Himachal News in Hindi: 14 जुलाई 2025 को कविंद्र गुप्ता को भारत की राष्ट्रपति द्वारा लद्दाख का उप-राज्यपाल नियुक्त किया गया था. वे इस केंद्र शासित प्रदेश के तीसरे उप-राज्यपाल बने थे.

कविंद्र गुप्ता हिमाचल प्रदेश के नए राज्यपाल बन गए हैं. हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस ने उन्हें मंगलवार (10 मार्च) को लोकभवन शिमला में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, मंत्रीगण, नेता विपक्ष जयराम ठाकुर, कई विधायक और गणमान्य लोग मौजूद रहे. कविंद्र गुप्ता इससे पहले वे लद्दाख में उपराज्यपाल के पद तैनात थे.
कविंद्र गुप्ता की शिक्षा-दीक्षा कहां हुई?
कविंद्र गुप्ता का जन्म 2 दिसम्बर 1959 को जम्मू में हुआ. वे सार्वजनिक जीवन और प्रशासन में चार दशकों से अधिक के अनुभव के साथ एक कुशल जननेता और प्रशासक हैं. उनके पिता केंद्र सरकार के डाक विभाग में कार्यरत थे. सन् 1963 में परिवार संगरूर, पंजाब में स्थानांतरित हो गया, जहां कविंद्र गुप्ता की प्रारंभिक शिक्षा हुई. इसके बाद उन्होंने फिरोजपुर और गुरदासपुर में अध्ययन किया और साल 1979 में गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज, गुरदासपुर, पंजाब से स्नातक की डिग्री प्राप्त की.
'कहीं आप मुझसे मजाक तो नहीं कर रहे', राज्यसभा टिकट पर मिलने पर भावुक हो गए थे अनुराग शर्मा
1970 के दशक में कविंद्र गुप्ता RSS से जुड़े
1970 के दशक के शुरूआत में कविंद्र गुप्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े, जो उनके सामाजिक और सार्वजनिक जीवन का आरंभ था. आपातकाल (1975-1977) के दौरान उन्हें RSS के वरिष्ठ नेताओं के साथ गुरदासपुर और पटियाला जेल में कारावास भोगना पड़ा, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है. साल 1978 से 1979 तक उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की पंजाब इकाई के सचिव के रूप में कार्य किया.
साल 1988 में उन्हें भारतीय जनता युवा मोर्चा, जम्मू-कश्मीर का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया. बाद में साल 1993 से 1998 तक उन्होंने BJYM, जम्मू-कश्मीर के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपने संगठनात्मक नेतृत्व का विस्तार किया.
नगर निकाय स्तर से शुरू की राजनीति
कविंद्र गुप्ता का निर्वाचित शासन में प्रवेश नगर निकाय स्तर से हुआ. वे जम्मू नगर निगम के प्रथम महापौर निर्वाचित हुए और उन्होंने लगातार तीन कार्यकाल (2005-2010) तक इस पद पर सेवा की. इस अवधि में उन्होंने नागरिक सुधार, स्वच्छता और शहरी अवसंरचना विकास पर ध्यान केंद्रित किया और प्रभावी जनहितकारी शासन के लिए खास पहचान अर्जित की.
2014 में कविंद्र गुप्ता बने बीजेपी से विधायक
सन् 2014 में कविंद्र गुप्ता गांधी नगर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक निर्वाचित हुए. 18 मार्च 2015 को वे जम्मू-कश्मीर विधान सभा के अध्यक्ष निर्वाचित हुए और इस पद को धारण करने वाले प्रथम BJP नेता बने. 30 अप्रैल 2018 को उन्हें जम्मू-कश्मीर का उपमुख्यमंत्री नियुक्त किया गया.
साल 2025 में लद्दाख के उप राज्यपाल हुए नियुक्त
14 जुलाई 2025 को कविंद्र गुप्ता को भारत की राष्ट्रपति द्वारा लद्दाख का उप-राज्यपाल नियुक्त किया गया और वे इस केंद्र शासित प्रदेश के तीसरे उप-राज्यपाल बने थे. अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अवसंरचना विकास, शिक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यटन और सतत, समावेशी एवं पारदर्शी शासन पर ध्यान केंद्रित किया. साथ ही लद्दाख की अनूठी सांस्कृतिक और पारिस्थितिक विरासत के संरक्षण को सुनिश्चित किया.
5 मार्च 2026 को कविंद्र गुप्ता को भारत की राष्ट्रपति द्वारा हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया. शपथ ग्रहण करने के बाद आज से कविंद्र गुप्ता ने शिव प्रताप शुक्ल की जगह ली है.
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL



























