हिमाचल के मंडी में भारी बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने दी लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी
Himachal Weather: शिमला मौसम विभाग ने मंडी जिले में 22-26 जून तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिसमें 22, 24, 25 जून को येलो और 23, 26 जून को ऑरेंज अलर्ट शामिल हैं.

Himachal Weather News: भारत मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा मंडी जिला के लिए 22 जून से 26 जून तक भारी वर्षा, तेज हवाओं और आसमानी बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. इस दौरान मौसम विभाग ने 22, 24 और 25 जून को येलो अलर्ट तथा 23 और 26 जून को ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है.
मौसम विभाग के येलो अलर्ट को देखते हुये प्रशासन ने जिला के नागरिकों, पर्यटकों तथा यात्रियों से अपील की है कि वे अत्यधिक सतर्कता बरतें और अनावश्यक रूप से ऊपरी पहाड़ी क्षेत्रों, नदी-नालों के समीप, भूस्खलन संभावित स्थानों तथा अधिक ऊंचाई वाले इलाकों की यात्रा से बचें.
एडवाइजरी पर दें ध्यान
लगातार वर्षा और तेज हवाओं के कारण भूस्खलन, सड़कें बंद होने, पेड़ों के गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी घटनाएं हो सकती हैं. ऐसी स्थिति में आमजन से अनुरोध है कि मौसम की जानकारी के लिए प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा समय-समय पर जारी एडवाइजरी पर ध्यान दें और आवश्यक सावधानियां अपनाएं.वहीं स्थानीय लोग भी बरसात के मौसम को लेकर सतर्क नजर आ रहे हैं और नदी नालों के नजदीक ना जाने की एडवाइजरी का पालन कर रहे हैं.
आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष का नंबर जारी
संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे पूर्ण सतर्कता बरतें और राहत व बचाव के लिए आवश्यक संसाधनों सहित तैयार रहें, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके. किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 01905-226201, 226202, 226203, 226204 या टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं.
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL























